NEET Re-Exam 2026 को लेकर सुपौल प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसपी ने परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण

NEET Re-Exam 2026 Supaul: NEET Re-Exam 2026 को लेकर सुपौल प्रशासन पूरी तरह सतर्क है. डीएम सावन कुमार और एसपी शरथ आर एस ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा, पेयजल, सफाई और कदाचार रोकने की तैयारियों की समीक्षा की.

By Shruti Kumari | June 19, 2026 11:08 AM

सुपौल से रोशन सिंह की रिपोर्ट:

NEET Re-Exam 2026 Supaul: राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) के तत्वावधान में 21 जून 2026 को आयोजित होने वाली नीट पुनर्परीक्षा की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है. गुरुवार की शाम जिलाधिकारी सावन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक शरथ आर एस ने संयुक्त रूप से जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की.

प्रमुख परीक्षा केंद्रों का लिया जायजा

Neet re-exam 2026 को लेकर सुपौल प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसपी ने परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण 3

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने हजारी प्लस टू उच्च विद्यालय गौरवगढ़, टीसी उच्च विद्यालय चकला निर्मली तथा सुपौल इंजीनियरिंग कॉलेज का दौरा किया. इस दौरान परीक्षा केंद्रों पर उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था और परीक्षा संचालन की तैयारियों की गहन समीक्षा की गई.

मुख्य द्वार पर होगी सघन जांच

जिलाधिकारी ने सभी केंद्राधीक्षकों को निर्देश दिया कि परीक्षा के दिन परीक्षार्थियों की सघन जांच मुख्य प्रवेश द्वार पर ही सुनिश्चित की जाए. उन्होंने कहा कि किसी भी अभ्यर्थी को मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, चिट-पुर्जा या अन्य प्रतिबंधित सामग्री के साथ परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी.

उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही अभ्यर्थियों को परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया जाए, ताकि परीक्षा की निष्पक्षता बनी रहे.

कदाचार मिलने पर होगी सख्त कार्रवाई

जिलाधिकारी सावन कुमार ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी भी परीक्षा केंद्र पर मोबाइल फोन, चिट-पुर्जा अथवा किसी प्रकार की अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित केंद्राधीक्षक के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी.

उन्होंने कहा कि परीक्षा की शुचिता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा और सभी अधिकारियों को अपनी जिम्मेदारी पूरी गंभीरता से निभानी होगी.

पेयजल, सफाई और रोशनी की व्यवस्था के निर्देश

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने जिला शिक्षा पदाधिकारी को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षार्थियों के लिए शुद्ध पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए.

इसके अलावा परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त रोशनी, बेंच-डेस्क की उपलब्धता, विद्यालय परिसर एवं कक्षाओं की साफ-सफाई, शौचालयों की स्वच्छता तथा सभी कमरों में दीवार घड़ी लगाने का निर्देश दिया गया.

निष्पक्ष परीक्षा के लिए विशेष सुरक्षा व्यवस्था

जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने कहा कि NEET Re-Exam 2026 को पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं. परीक्षा के दौरान सुरक्षा एवं निगरानी की विशेष व्यवस्था रहेगी ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की संभावना न रहे.

Neet re-exam 2026 को लेकर सुपौल प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसपी ने परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण 4