भूकंप से निबटने को एनडीएमए की टेबल टॉप एक्सरसाइज, मॉक ड्रिल पर मंथन

समाहरणालय स्थित लहटन चौधरी सभागार में बुधवार को नेशनल डिजास्टर मैनेजेमेंट ऑथिरिटी नई दिल्ली द्वारा गुरुवार को आयोजित की जाने वाली राष्ट्रव्यापी भूकंप मॉक एक्सरसाइज के सफल संचालन को लेकर टेबल टॉप एक्सरसाइज का आयोजन किया गया.

By RAJEEV KUMAR JHA | February 25, 2026 6:11 PM

सुपौल. समाहरणालय स्थित लहटन चौधरी सभागार में बुधवार को नेशनल डिजास्टर मैनेजेमेंट ऑथिरिटी नई दिल्ली द्वारा गुरुवार को आयोजित की जाने वाली राष्ट्रव्यापी भूकंप मॉक एक्सरसाइज के सफल संचालन को लेकर टेबल टॉप एक्सरसाइज का आयोजन किया गया. बैठक में आपदा प्रबंधन विभाग के साथ राज्य के सभी जिलों के पदाधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े. बैठक की अध्यक्षता अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) मो तारिक ने की. जिला स्तर के सभी संबंधित विभागों के पदाधिकारियों ने बैठक में भाग लेते हुए अपने-अपने विभाग की तैयारियों, उपलब्ध संसाधनों और कार्य योजना की विस्तृत जानकारी साझा की. एनडीएमए के अधिकारियों ने बैठक के दौरान स्पष्ट किया कि यह मॉक ड्रिल केवल औपचारिक अभ्यास नहीं, बल्कि आपदा से बचाव, पूर्व तैयारी, विभागीय समन्वय और त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है. उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय बनाए रखने, त्वरित सूचना आदान-प्रदान सुनिश्चित करने और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता हर हाल में बनाए रखने के निर्देश दिये. बैठक में निर्णय लिया गया कि गुरुवार को आयोजित होने वाली भूकंप मॉक एक्सरसाइज को वास्तविक आपदा परिदृश्य के अनुरूप क्रियान्वित किया जायेगा, ताकि संभावित भूकंप की स्थिति में जिला प्रशासन त्वरित, समन्वित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित कर सके. बैठक में मुकेश कुमार, प्रभारी पदाधिकारी (आपदा प्रबंधन), चंद्रभूषण कुमार, सहायक आपदा प्रबंधन पदाधिकारी आदि मौजूद थे.