एलआईसी एजेंट ने लाइसेंसी गन से गोली मारकर किया आत्महत्या

बंद कमरे में मिली लाश, जांच में जुटी पुलिस व फोरेंसिक टीम

By RAJEEV KUMAR JHA | February 17, 2026 8:06 PM

– बंद कमरे में मिली लाश, जांच में जुटी पुलिस व फोरेंसिक टीम त्रिवेणीगंज. नगर परिषद क्षेत्र के बाजार स्थित वार्ड नंबर 05 में मंगलवार की शाम उस समय हड़कंप मच गया. जब एक एलआईसी एजेंट ने अपने ही लाइसेंसी गन से गोली मारकर आत्महत्या कर ली. मृतक की पहचान मिरजावा पंचायत के लहरनियां वार्ड नंबर 03 निवासी 53 वर्षीय नवीन कुमार सिंह के रूप में हुई है. प्राप्त जानकारी के अनुसार नवीन कुमार सिंह अपने वार्ड संख्या 05 स्थित आवास के एक कमरे में अकेले थे. इसी दौरान उन्होंने बंद कमरे में अपनी लाइसेंसी गन से स्वयं को गोली मार ली. गोली की तेज आवाज सुनकर परिजन जब कमरे की ओर दौड़े और दरवाजा तोड़ा, तो उन्हें मृत अवस्था में पाया गया. घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ विभाष कुमार, सर्किल इंस्पेक्टर सुनील कुमार पासवान एवं थानाध्यक्ष राकेश कुमार मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की. पुलिस के अनुसार आत्महत्या के कारणों का अब तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है. घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है. एसडीपीओ विभाष कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में लाइसेंसी गन से आत्महत्या की पुष्टि हुई है. मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है. पुलिस सभी पहलुओं से मामले की छानबीन में जुटी हुई है.