निर्माणाधीन भवन से गिरकर महिला मजदूर घायल, रेफर

थाना क्षेत्र की हरिपुर पंचायत अंतर्गत वार्ड 8 में निर्माणाधीन पंचायत सरकार भवन में कार्य के दौरान एक महिला मजदूर हादसे का शिकार हो गयी.

By RAJEEV KUMAR JHA | May 5, 2026 5:26 PM

राघोपुर. थाना क्षेत्र की हरिपुर पंचायत अंतर्गत वार्ड 8 में निर्माणाधीन पंचायत सरकार भवन में कार्य के दौरान एक महिला मजदूर हादसे का शिकार हो गयी. पैर फिसलने के कारण वह ऊंचाई से नीचे गिर पड़ी, जिससे उसके सिर में गंभीर चोटें आयी. जानकारी के अनुसार, घटना के समय भवन में चुनाई का कार्य चल रहा था और कई मजदूर काम में लगे थे. इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से महिला नीचे गिर गयी. मौके पर मौजूद मिस्त्री और अन्य मजदूरों ने तत्परता दिखाते हुए उसे तुरंत राघोपुर रेफरल अस्पताल पहुंचाया. अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर विपिन कुमार तिवारी ने प्राथमिक उपचार के बाद महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सुपौल सदर अस्पताल रेफर कर दिया. डॉक्टर के अनुसार, सिर में गहरी चोट होने के कारण उसे उच्च स्तरीय चिकित्सा की आवश्यकता है. घायल महिला की पहचान हरिपुर वार्ड 8 निवासी बेचन दास की पत्नी रानी देवी के रूप में हुई है. घटना के बाद परिजनों में चिंता का माहौल है. इस संबंध में निर्माण कार्य के ठेकेदार मो सलमान ने बताया कि उन्हें घटना की पूरी जानकारी अभी नहीं मिली है और मामले की जांच की जा रही है. वहीं बीडीओ सत्येंद्र कुमार यादव ने कहा कि घटना की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई की जायेगी.