अलविदा जुमे पर उमड़ी अकीदतमंदों की भीड़, अमन-चैन की मांगी दुआ

बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने पूरे उत्साह और अकीदत के साथ अलविदा जुमे की नमाज अदा की

By RAJEEV KUMAR JHA | March 20, 2026 6:07 PM

जदिया. जदिया थाना क्षेत्र में रमजान मुबारक के पवित्र माह के अंतिम जुमा ‘अलविदा’ के अवसर पर शुक्रवार को श्रद्धा, आस्था और उल्लास का माहौल देखने को मिला. सुबह से ही इलाके में रोजेदारों की चहल-पहल शुरू हो गई थी. बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने पूरे उत्साह और अकीदत के साथ अलविदा जुमे की नमाज अदा की. थाना क्षेत्र के फुलकाहा जामा मस्जिद, ड्राइवर चौक जदिया, इस्लामपुर, कोरियापट्टी, खुट, बघेली, मोहर्रमपुर, मोगलघाट और मानगंज सहित सभी प्रमुख मस्जिदों में नमाज के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटे. नमाज के दौरान इमामों ने रमजान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए लोगों को नेक राह पर चलने, आपसी भाईचारा बनाए रखने और समाज में शांति कायम रखने का संदेश दिया. नमाज के बाद अकीदतमंदों ने देश और समाज में अमन-चैन, भाईचारे और खुशहाली की दुआ मांगी. इस अवसर पर मस्जिदों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही, जिससे नमाज शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सकी. स्थानीय लोगों के अनुसार रमजान का महीना इबादत, सब्र और इंसानियत का संदेश देता है, वहीं अलविदा जुमे का विशेष महत्व होता है. इस दिन अधिक से अधिक इबादत कर लोग अल्लाह से अपनी दुआओं की कबूलियत की उम्मीद रखते हैं. अलविदा जुमे के मौके पर धार्मिक सौहार्द और भाईचारे की मिसाल देखने को मिली, जहां सभी समुदायों के लोगों ने एक-दूसरे का सम्मान करते हुए इस पावन अवसर को शांतिपूर्वक मनाया.