शिवहर: तीन बच्चों की मां की संदिग्ध मौत, पुलिस जांच में जुटी

शिवहर के सुगीया कटसरी गांव में आर्थिक तंगी से परेशान एक महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. मृतका तीन बच्चों की मां थी और उसका पति बेंगलुरु में मजदूरी करता है. पढ़ें पूरी खबर...

By Sarfaraz Ahmad | May 23, 2026 7:47 PM

Sheohar News: नगर थाना क्षेत्र के सुगीया कटसरी गांव स्थित वार्ड संख्या-16 में शनिवार को एक 30 वर्षीय महिला की संदेहास्पद स्थिति में मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और परिवार में कोहराम मच गया.

फंदे से झूलती मिली महिला

मृतका की पहचान इंद्रासन देवी के रूप में हुई है, जो स्थानीय निवासी रामकुमार दास की पत्नी थी.

बताया जाता है कि शनिवार दोपहर करीब 12 बजे महिला ने अपने घर में फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली. स्थानीय ग्रामीणों ने जब उसे फंदे से झूलता देखा तो तुरंत नीचे उतारकर इलाज के लिए सरोजा सीताराम सदर अस्पताल पहुंचाया.

हालांकि चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.

आर्थिक तंगी से जूझ रहा था परिवार

परिजनों ने बताया कि मृतका का पति बेंगलुरु में टाइल्स दुकान में मजदूरी करता है. वह अपने एक पुत्र और दो छोटी पुत्रियों के साथ वहीं रहता है.

आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण इंद्रासन देवी गांव में अपने एक बच्चे के साथ अकेले रहकर किसी तरह जीवन यापन कर रही थी.

मायके से एक दिन पहले लौटी थी महिला

जानकारी के अनुसार शुक्रवार को ही मृतका अपने भाई के साथ पूर्वी चंपारण जिले के पटकौलिया स्थित मायके से वापस गांव आई थी.

घटना की सूचना मिलते ही रणधीर कुमार सिंह पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे और मामले की जांच शुरू की.

हर पहलू की जांच कर रही पुलिस

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है.