शिवहर: बकरीद को लेकर उत्साह, मस्जिदों और ईदगाहों में तैयारी पूरी, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

शिवहर में आज ईद-उल-अजहा पर्व मनाया जाएगा. मस्जिदों और ईदगाहों में विशेष नमाज अदा कर अमन-चैन और भाईचारे की दुआ मांगी जाएगी. पढ़ें पूरी खबर...

By Sarfaraz Ahmad | May 27, 2026 1:57 PM

शिवहर से मनीष नंदन सिंह की रिपोर्ट

Sheohar News: जिले में मुस्लिम समुदाय गुरुवार को ईद-उल-अजहा यानी बकरीद का पर्व मनाएगा. शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों की मस्जिदों और ईदगाहों में विशेष नमाज अदा की जाएगी तथा मुल्क में अमन-चैन, भाईचारे और तरक्की के लिए दुआ मांगी जाएगी. पर्व को लेकर जिला प्रशासन भी पूरी तरह अलर्ट मोड में है.

बाजारों में दिखी रौनक, बकरों और जरूरी सामानों की हुई खरीदारी

बकरीद को लेकर बुधवार को शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के बाजारों में लोगों की काफी भीड़ देखी जा रही है. दिनभर बाजारों में चहल-पहल बनी रही. खासकर कुर्बानी के लिए बकरों की जमकर खरीदारी हो रही है.

इसके अलावा लोगों ने सेवई और अन्य जरूरी सामानों की भी खरीदारी की. शहर के गुदरी बाजार समेत विभिन्न बाजारों में खरीदारी को लेकर लोगों में उत्साह देखने को मिला.

ईदगाहों और मस्जिदों में तैयारी पूरी

शहर के पिपराही रोड स्थित ईदगाह सहित विभिन्न मस्जिदों और ईदगाहों में नमाज की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया. ईदगाह परिसर और आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई का कार्य भी पूरा कर लिया गया है.

गुरुवार सुबह निर्धारित समय पर अकीदतमंद नमाज अदा करेंगे और मुल्क में शांति, भाईचारे और खुशहाली की दुआ मांगेंगे.

घरों में पकवान बनाने की तैयारी भी तेज

बकरीद को लेकर घरों में पकवान बनाने की तैयारी भी जोरों पर है. इसी कारण बाजारों में किराना सामानों की बिक्री बढ़ गई है.

लोगों ने कपड़ों और रेडिमेड परिधानों की भी खरीदारी की. बच्चों के लिए नए कपड़े, कुर्ता-पायजामा और अन्य वस्त्रों की दुकानों पर भी अच्छी भीड़ रही.

सुरक्षा के रहेंगे पुख्ता इंतजाम

प्रशासन ने बकरीद पर्व को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं. जिले के सभी थाना क्षेत्रों को अलर्ट किया गया है. खासकर सीमावर्ती इलाकों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं.

प्रशासन ने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है कि पर्व के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति या विवाद उत्पन्न नहीं हो.