शिवहर: सुगिया से ललुआ तक बागमती की पुरानी धारा की उड़ाही शुरू, पुलिस छावनी में बदला इलाका

शिवहर के सुगिया से ललुआ गांव तक बागमती नदी की पुरानी धारा की उड़ाही का कार्य शुरू हो गया है. विरोध की आशंका को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है. ग्रामीणों ने जमीन और नक्शे को लेकर सवाल उठाए हैं, जबकि प्रशासन ने शिकायतों की जांच का आश्वासन दिया है. पढ़ें पूरी खबर..

By Sarfaraz Ahmad | June 10, 2026 9:30 AM

Sheohar News: मानसून से पहले शिवहर सदर प्रखंड के सुगिया कटसरी गांव में बागमती नदी की पुरानी धारा की उड़ाही (सफाई) का कार्य मंगलवार से शुरू हो गया. सुगिया से ललुआ गांव तक करीब ढाई किलोमीटर क्षेत्र में चल रहे इस कार्य को लेकर स्थानीय स्तर पर विरोध की आशंका को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए. पूरे क्षेत्र में भारी पुलिस बल की तैनाती के कारण गांव पुलिस छावनी में तब्दील नजर आया.

मौके पर शिवहर सदर बीडीओ मोहम्मद राहिल, नगर थानाध्यक्ष रणधीर कुमार सिंह और पिपराही थानाध्यक्ष उमाकांत सिंह के नेतृत्व में चार कंपनियों की पुलिस फोर्स मौजूद रही. अधिकारियों की निगरानी में जेसीबी मशीनों से सुगिया मौजा जागीर में उड़ाही कार्य कराया जा रहा है.

नदी से नदी जोड़ परियोजना का हिस्सा है योजना

जानकारी के अनुसार यह कार्य बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी “नदी से नदी जोड़ परियोजना” के तहत कराया जा रहा है. बेलवा-मुजफ्फरपुर मीनापुर लिंक चैनल परियोजना के अंतर्गत बागमती नदी की पुरानी धारा को पुनर्जीवित करने का प्रयास किया जा रहा है.

हालांकि जमीन और नक्शे को लेकर विवाद के कारण पिछले कुछ वर्षों से स्थानीय लोगों द्वारा इस परियोजना का विरोध किया जा रहा था, जिसके चलते कार्य बंद पड़ा था.

ग्रामीणों ने उठाए जमीन और नक्शे से जुड़े सवाल

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि सरकारी अभिलेखों में बागमती नदी की पुरानी धारा एक स्थान पर दर्ज है, जबकि वर्तमान में नदी का बहाव दूसरे क्षेत्र से हो रहा है. उनका आरोप है कि पुरानी धारा वाले क्षेत्र में वर्षों से लोग खेती कर रहे हैं और कई मकान भी बन चुके हैं.

ग्रामीणों का कहना है कि वर्तमान बहाव क्षेत्र में उड़ाही किए जाने से कई लोगों की रैयती जमीन प्रभावित हो रही है. उनका दावा है कि संबंधित भूमि की मालगुजारी रसीदें आज भी उनके नाम से कट रही हैं. इसी कारण परियोजना का विरोध किया जा रहा था.

शिकायत मिलने पर होगी जांच : बीडीओ

प्रखंड विकास पदाधिकारी मोहम्मद राहिल ने कहा कि यदि किसी भी व्यक्ति को उड़ाही कार्य से संबंधित कोई आपत्ति है तो वह लिखित आवेदन दे सकता है. प्राप्त शिकायतों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.

प्रशासन का कहना है कि लंबे समय से रुकी इस परियोजना को पूरा करने के लिए जिला प्रशासन के निर्देश पर कार्य शुरू कराया गया है और इसे निर्धारित समय सीमा में पूरा करने का प्रयास किया जाएगा.