छात्र की बेरहमी से पिटाई, शिक्षक के खिलाफ थाने में शिकायत

NAWADA NEWS.शहर के नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत एक निजी विद्यालय में पढ़ने वाले नौ वर्षीय छात्र की कथित पिटाई का मामला सामने आया है. घटना से आहत छात्र की मां ट्रिजा स्वीटी जॉर्ज ने संबंधित शिक्षक पीटर के विरुद्ध नगर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कर न्याय की गुहार लगायी है.

By VISHAL KUMAR | February 14, 2026 7:49 PM

नवादा सदर. शहर के नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत एक निजी विद्यालय में पढ़ने वाले नौ वर्षीय छात्र की कथित पिटाई का मामला सामने आया है. घटना से आहत छात्र की मां ट्रिजा स्वीटी जॉर्ज ने संबंधित शिक्षक पीटर के विरुद्ध नगर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कर न्याय की गुहार लगायी है. पीड़ित मां के अनुसार, घटना गुरुवार की सुबह की है. आरोप है कि विद्यालय में शिक्षक पीटर ने उनके नाबालिग पुत्र को बांस की बेत से बेरहमीपूर्वक पिटाई की. इतना ही नहीं, बच्चे को कथित रूप से धमकाया भी गया, जिससे वह मानसिक रूप से काफी भयभीत और व्यथित है. मां का कहना है कि विद्यालय में इस प्रकार की सख्ती और हिंसक व्यवहार न केवल अमानवीय है, बल्कि एक मासूम बच्चे के मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव डाल सकता है. घटना के बाद परिजन तत्काल नगर थाने पहुंचे और लिखित आवेदन देकर संबंधित शिक्षक के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की. इधर, मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर थाना पुलिस ने कांड दर्ज कर लिया है और पूरे प्रकरण की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि जांच के बाद दोषी पाये जाने पर विधिसम्मत कार्रवाई की जायेगी.