रजौली की भूमिका बनीं पटना जिला टॉपर, कॉमर्स में लाये 98.40 प्रतिशत अंक

ग्रामीण परिवेश की बेटी ने सीबीएसइ 12वीं में हासिल की बड़ी सफलता

By KR MANISH DEV | May 15, 2026 6:14 PM

फोटो कैप्शन- भूमिका की फाइल फोटो ग्रामीण परिवेश की बेटी ने सीबीएसइ 12वीं में हासिल की बड़ी सफलता भूमिका की उपलब्धि पर पूरे रजौली प्रखंड में खुशी का माहौल प्रतिनिधि, रजौली रजौली प्रखंड की प्रतिभाशाली छात्रा भूमिका ने सीबीएसइ 12वीं परीक्षा में शानदार प्रदर्शन कर पटना जिला टॉपर बनने का गौरव हासिल किया है. टकुआटांड़ निवासी तथा समाजसेवी स्वर्गीय महादेव यादव की पौत्री और रजौली पूर्वी पंचायत के मुखिया संजय यादव की द्वितीय पुत्री भूमिका ने कॉमर्स संकाय में 98.40 प्रतिशत अंक प्राप्त किये हैं. ग्रामीण परिवेश से निकलकर राजधानी के विद्यार्थियों के बीच प्रथम स्थान हासिल करना पूरे रजौली क्षेत्र के लिए गर्व की बात बन गयी है. परिणाम घोषित होते ही मुखिया संजय यादव के आवास पर बधाई देने वालों का तांता लग गया और पूरे पंचायत में खुशी का माहौल छा गया. भूमिका की सफलता पर पिता संजय यादव ने कहा कि उनकी बेटी ने बचपन से ही पढ़ाई के प्रति समर्पण दिखाया है. भूमिका ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, शिक्षकों के मार्गदर्शन और नियमित अध्ययन को दिया. क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और प्रबुद्ध लोगों ने भूमिका की इस उपलब्धि को महिला सशक्तिकरण की प्रेरणादायी मिसाल बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है.