सरस्वती पूजा में लाइसेंस लेना अनिवार्य

सरकारी गाइडलाइन का करना होगा पालन

By UDAY KR BHARTI | January 20, 2026 6:20 PM

सरकारी गाइडलाइन का करना होगा पालन हिसुआ थाने में शांति समिति की बैठक प्रतिनिधि, हिसुआ. मंगलवार को हिसआ थाने में सरस्वती पूजा को लेकर शांति समिति की बैठक हुई. बीडीओ देवानंद कुमार सिंह, सीओ डॉ सौरभ सुमन, थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार ने पूजा समिति के कार्यकर्ता और लोगों से शांति और सौहार्द के माहौल में पूजा मनाने की अपील की. हर हाल में लाइसेंस लेकर पूजा करने का निर्देश हुआ. अधिकारियों ने पूजा को लेकर जारी सरकारी गाइडलाइन पर चर्चा की. तेज ध्वनि के लाउडस्पीकर और डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध रखने की बात कही गयी. थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार ने कहा कि पूजा समारोह में अशांति या हुड़दंग करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जायेगा. पुलिस बल की तैनाती और गश्ती का काम किया जायेगा. अधिकारियों ने सभी पूजा समितियों को निर्देश दिया कि एक ही दिन 25 जनवरी को मूर्ति विसर्जन का कार्य शाम पांच बजे तक करना सुनिश्चित करेंगे. अलग-अलग दिन विसर्जन में प्रशासनिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है. अग्नि सुरक्षा को लेकर भी निर्देश जारी किया गया है. पंडाल भारतीय मानक ब्यूरो के अनुरूप रखना है. सूती कपड़े का पंडाल बनाना है. पंडाल में अग्निशमन यंत्र लगाना है. बिजली के लिये मानक के अनुसार पूरी सुरक्षा, सर्किट ब्रेकर आदि लगाने, हवन कुंड के समीप पानी रखने, मोमबत्ती, दीया आदि का प्रयोग नहीं करने सहित कई बिंदुओं पर निर्देश दिया गया है. आमलोगों के आये सुझाव को नोट किया गया. बैठक में इंस्पेक्टर राजेश कुमार, एसआइ सुमन कुमार, वार्ड पार्षद शोभा देवी,असगर अली, अरविंद सिंह आदि उपस्थित रहे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है