शत-प्रतिशत बच्चों का टीकाकरण सुनिश्चित करने का निर्देश

छूटे हुए बच्चों को तलाश कर सूची तैयार करने का सख्त निर्देश

By VISHAL KUMAR | May 14, 2026 4:25 PM

प्रखंड कार्यालय में जीरो डोज टीकाकरण को लेकर हुई बैठक

अकबरपुर.

प्रखंड कार्यालय में गुरुवार को प्रखंडस्तरीय जीरो डोज टीकाकरण कार्यक्रम के सफल संचालन को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गयी. बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी राधा रमण मुरारी ने की, जबकि कार्यक्रम का नेतृत्व प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ राजेश कुमार ने किया. बैठक में पीसीआइ के जिला कोऑर्डिनेटर कुमार अभिषेक व ब्लॉक कोऑर्डिनेटर प्रमोद चौधरी भी उपस्थित रहे. बैठक में जीरो डोज बच्चों की पहचान, टीकाकरण सत्रों के प्रभावी संचालन तथा शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गयी. अधिकारियों ने कहा कि ऐसे बच्चों तक हर हाल में स्वास्थ्य विभाग की पहुंच सुनिश्चित की जाए, जिन्हें अब तक नियमित टीकाकरण का लाभ नहीं मिल पाया है. इसके लिए क्षेत्रवार सर्वे कर छूटे हुए बच्चों की सूची तैयार करने का निर्देश दिया गया. इस अवसर पर विकास मित्र, टोला सेवक, आंगनबाड़ी कर्मी एवं विभिन्न धर्मगुरु भी मौजूद रहे. सभी संबंधित कर्मियों को अपने-अपने क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाने व लोगों को टीकाकरण के प्रति प्रेरित करने का निर्देश दिया गया. अधिकारियों ने कहा कि जनसहभागिता और जागरूकता से ही जीरो डोज अभियान को सफल बनाया जा सकता है. बैठक के अंत में स्वास्थ्य विभाग की टीम को समयबद्ध तरीके से टीकाकरण कार्य पूरा करने तथा नियमित मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया गया.