नवादा में ओवरलोड वाहनों से टूटी सड़क, ग्रामीणों ने विधायक के नेतृत्व में किया जाम

Akbarpur Overloaded Hyva Protest : नवादा जिले के अकबरपुर प्रखंड में ओवरलोड हाईवा वाहनों के संचालन से नाराज ग्रामीणों ने स्थानीय विधायक अनिल सिंह के नेतृत्व में सड़क जाम कर प्रदर्शन किया.

By ANIL KUMAR | July 5, 2026 3:57 PM

Akbarpur Overloaded Hyva Protest : नवादा जिले के अकबरपुर प्रखंड में ओवरलोड हाईवा वाहनों के संचालन से नाराज ग्रामीणों ने स्थानीय विधायक अनिल सिंह के नेतृत्व में सड़क जाम कर प्रदर्शन किया. ग्रामीणों का आरोप है कि निर्धारित क्षमता से कई गुना अधिक भार लेकर चल रहे वाहनों की वजह से सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है और लोगों का आवागमन मुश्किल हो गया है.

10 टन क्षमता वाली सड़क पर दौड़ रहे 70 टन के हाईवा

ग्रामीणों ने बताया कि नाद, कझिया, मानेबिगहा और गोपालपुर होकर गुजरने वाली सड़क 10 टन भार क्षमता के अनुसार बनाई गई थी, लेकिन इस पर 70 टन तक लदे हाईवा वाहनों का लगातार परिचालन हो रहा है. इससे सड़क कई जगह धंस गई है और बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं.

सड़क जाम कर जताया विरोध

प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण सड़क पर उतर आए और भारी वाहनों की आवाजाही रोक दी. लोगों ने कहा कि बारिश के मौसम में सड़क की स्थिति और खराब हो जाती है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है.

Nawada News : विधायक ने कार्रवाई की मांग उठाई

मौके पर पहुंचे विधायक अनिल सिंह ने प्रशासन और संबंधित विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि कई बार शिकायत के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई. उन्होंने ओवरलोड वाहनों पर तत्काल रोक लगाने और संबंधित परिवहन कंपनियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की.

ग्रामीण बोले- बच्चों और मरीजों को हो रही परेशानी

ग्रामीण पिंटू कुमार, मनोज राजवंशी और सुमा देवी ने बताया कि सड़क खराब होने से स्कूल जाने वाले बच्चों, मरीजों, किसानों और रोजाना आने-जाने वाले लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है. कई बार गड्ढों की वजह से दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं.

आंदोलन तेज करने की चेतावनी

ग्रामीणों ने कहा कि यदि प्रशासन जल्द समाधान नहीं करता है तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा. उन्होंने ओवरलोड वाहनों की नियमित जांच, भारी जुर्माना लगाने और क्षतिग्रस्त सड़क की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की.

क्या बोले थानाध्यक्ष?

नेमदारगंज थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने बताया कि सड़क जाम की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे. बातचीत के बाद सभी भारी वाहनों का परिचालन स्वेच्छा से बंद करा दिया गया.

Also Read : नवादा: सिरदला में बीडीओ-सीओ का तबादला, जनप्रतिनिधियों ने दिया सम्मानपूर्वक विदाई