692 परीक्षार्थी नहीं हो सके शामिल

जिले के सभी केंद्रों पर कदाचारमुक्त माहौल में सामाजिक विज्ञान की परीक्षा संपन्न

By VISHAL KUMAR | February 20, 2026 9:07 PM

जिले के सभी केंद्रों पर कदाचारमुक्त माहौल में सामाजिक विज्ञान की परीक्षा संपन्न बिहार विद्यालय परीक्षा समिति की मैट्रिक परीक्षा का चौथा दिन शांतिपूर्ण रहा फ़ोटो कैप्शन: परीक्षा केंद्र का निरीक्षण करते सदर एसडीओ एवं अन्य अधिकारी प्रतिनिधि, नवादा नगर मैट्रिक परीक्षा 2026 के चौथे दिन जिले के सभी परीक्षा केंद्रों पर स्वच्छ, शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त माहौल में परीक्षा संपन्न हुई. परीक्षा 17 से 25 फरवरी 2026 तक दो पालियों में आयोजित की जा रही है. जिला नियंत्रण कक्ष से परीक्षा केंद्रों की सतत निगरानी की गयी. केंद्राधीक्षकों और प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों को स्वच्छ और निष्पक्ष परीक्षा संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये. सभी केंद्रों पर विधि-व्यवस्था, स्वच्छता, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, बैठने की समुचित सुविधा, सीसीटीवी निगरानी और सुव्यवस्थित प्रवेश-निकास की व्यवस्था सुनिश्चित की गयी थी. चौथे दिन दोनों पालियों में सामाजिक विज्ञान विषय की परीक्षा आयोजित की गयी. पहली पाली में कुल 16,767 परीक्षार्थियों में से 16,428 उपस्थित रहे, जबकि 339 अनुपस्थित पाये गये. वहीं, दूसरी पाली में 17,993 परीक्षार्थियों में से 17,640 परीक्षार्थी शामिल हुए और 353 अनुपस्थित रहे. दोनों पालियों में परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण रही और कहीं से भी कदाचार की सूचना नहीं मिली. 21 फरवरी शनिवार को दोनों पालियों में विज्ञान विषय की परीक्षा आयोजित की जायेगी. जिला प्रशासन ने परीक्षार्थियों से समय पर परीक्षा केंद्र पर पहुंचने और निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की.