वैशाली में भीषण सड़क हादसा, ट्रक की टक्कर से टेंपो सवार की मौत, 4 बेटियों के सिर से उठा पिता का साया

Vaishali Road Accident : वैशाली जिले के गोरौल थाना क्षेत्र में रविवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा गोरौल चौक-कटहारा मुख्य सड़क पर मखदुमपुर गांव के पास हुआ.

By Vivek Singh | June 28, 2026 10:08 PM

Vaishali Road Accident : (सुधीर कुमार झा) वैशाली जिले के गोरौल थाना क्षेत्र में रविवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा गोरौल चौक-कटहारा मुख्य सड़क पर मखदुमपुर गांव के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार ट्रक ने टेंपो को टक्कर मार दी। मृतक अपने रिश्तेदार के घर से मां को लाने जा रहा था.

Hajipur News: तेज रफ्तार ट्रक ने टेंपो को मारी टक्कर

जानकारी के अनुसार मुजफ्फरपुर जिले के अमैठा मनगोसार गांव निवासी 35 वर्षीय हरकेश कुमार अपने पड़ोसी नरेश कुमार के साथ टेंपो (बीआर06पीएफ-4298) से गोरौल थाना क्षेत्र के खोखरा गांव जा रहे थे। मखदुमपुर नहर के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने टेंपो में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे टेंपो सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया.

अस्पताल पहुंचते ही युवक को डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को तत्काल गोरौल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने हरकेश कुमार को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल नरेश कुमार का इलाज जारी है.

एक घंटे पहले कहा था- दो घंटे में लौट आऊंगा

परिजनों के अनुसार नरेश कुमार की बहन गोरौल थाना क्षेत्र के खोखरा गांव में रहती है, जहां उनकी मां एक सप्ताह पहले गई थीं। हरकेश और नरेश उन्हें वापस लाने के लिए घर से निकले थे। घर से निकलते समय हरकेश ने पत्नी से कहा था कि “दो घंटे में लौट आऊंगा”, लेकिन कुछ ही देर बाद हादसे की खबर पहुंच गई.

चार बेटियों के सिर से उठा पिता का साया

हादसे की सूचना मिलते ही मृतक की पत्नी पिंकी देवी अस्पताल पहुंचीं। पति का शव देखकर वह फूट-फूटकर रोने लगीं और बार-बार बेहोश हो जा रही थीं। हरकेश कुमार अपने परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे। उनके निधन के बाद चार बेटियों के पालन-पोषण और परिवार के भविष्य को लेकर गंभीर चिंता खड़ी हो गई है.

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

घटना की सूचना मिलने पर गोरौल थाना के अपर थानाध्यक्ष रंजीत कुमार अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, हाजीपुर भेज दिया। वहीं फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी गई है.

Also Read : दुर्गा मां के गले से 2 सोने की हार चोरी, CCTV में कैद हुई युवती की करतूत, सीवान पुलिस जांच में जुटी