वैशाली में आपसी विवाद में चाचा ने लोहे की रॉड से भतीजे का फोड़ा सिर, 3 गिरफ्तार

Vaishali Crime News : वैशाली जिले के सराय थाना क्षेत्र के पौरा मदन सिंह गांव में जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. चाचा और भतीजे के बीच चल रहा पुराना विवाद सोमवार को खूनी संघर्ष में बदल गया. आरोप है कि चाचा और उसके परिजनों ने मिलकर भतीजे पर लोहे की रॉड और लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया.

By Vivek Singh | June 29, 2026 10:21 PM

Vaishali Crime News : (अभिषेक कुमार) वैशाली जिले के सराय थाना क्षेत्र के पौरा मदन सिंह गांव में जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. चाचा और भतीजे के बीच चल रहा पुराना विवाद सोमवार को खूनी संघर्ष में बदल गया. आरोप है कि चाचा और उसके परिजनों ने मिलकर भतीजे पर लोहे की रॉड और लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया, जिसमें युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.

जमीन विवाद में हुआ जानलेवा हमला

जानकारी के अनुसार, पौरा मदन सिंह गांव निवासी नाथन सहनी और उनके परिजनों का अपने भतीजे दर्शन सहनी (पिता- नरेश सहनी) के साथ जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था. सोमवार को विवाद अचानक बढ़ गया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए. आरोप है कि नाथन सहनी और उनके परिवार के अन्य सदस्यों ने लाठी-डंडों एवं लोहे की रॉड से दर्शन सहनी पर हमला कर दिया.

Vaishali News : लोहे की रॉड से फटा सिर

हमले के दौरान लोहे की रॉड से किए गए वार में दर्शन सहनी का सिर फट गया और वह गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गया. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया.

पुलिस ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार

घटना की सूचना मिलते ही सराय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. पीड़ित के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज करते हुए पुलिस ने मामले में नामजद तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है.

Hajipur News : क्या बोले थानाध्यक्ष?

सराय थानाध्यक्ष संजीव कुमार ने बताया कि पौरा मदन सिंह गांव में जमीन विवाद को लेकर मारपीट की सूचना मिली थी. पीड़ित के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया चल रही है. पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है.

Also Read : सीवान में आर्केस्ट्रा डांसर से गैंगरेप का आरोप, 4 युवकों पर FIR , जांच में जुटी पुलिस