वैशाली एसपी का पुलिस केंद्र का औचक निरीक्षण, जवानों को फिटनेस, अनुशासन और तत्परता के दिए निर्देश

Police Centre Hajipur: हाजीपुर पुलिस केंद्र में वैशाली एसपी ने परेड का निरीक्षण कर जवानों की वर्दी, अनुशासन और शारीरिक दक्षता का जायजा लिया. जवानों को फिट रहने और आपात स्थिति के लिए हमेशा तैयार रहने का निर्देश दिया.

By Vivek Pandey | June 30, 2026 12:04 PM

Police Centre Hajipur: (अभिषेक कुमार) वैशाली जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से मंगलवार सुबह पुलिस अधीक्षक (एसपी) ने पुलिस केंद्र, हाजीपुर का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने पुलिस परेड की सलामी ली और जवानों की कार्यकुशलता, अनुशासन तथा शारीरिक दक्षता का जायजा लिया.

वर्दी, अनुशासन और टर्नआउट की जांच

निरीक्षण के दौरान एसपी ने परेड में शामिल पुलिस पदाधिकारियों और जवानों की वर्दी, टर्नआउट, अनुशासन और शारीरिक फिटनेस का गहन निरीक्षण किया. उन्होंने कहा कि एक अनुशासित और फिट पुलिसकर्मी ही जनता के बीच पुलिस की विश्वसनीय छवि स्थापित कर सकता है.

फिटनेस और नियमित अभ्यास पर दिया जोर

पुलिस अधीक्षक ने जवानों को नियमित रूप से शारीरिक व्यायाम करने और स्वयं को फिट रखने की सलाह दी. उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए निरंतर प्रशिक्षण और अभ्यास आवश्यक है.

वैशाली एसपी का पुलिस केंद्र का औचक निरीक्षण, जवानों को फिटनेस, अनुशासन और तत्परता के दिए निर्देश 2

आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के निर्देश

एसपी ने सभी पुलिसकर्मियों को निर्देश दिया कि किसी भी अप्रिय घटना या आपातकालीन परिस्थिति में बिना समय गंवाए त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें. उन्होंने कहा कि जनता की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए.

जनसेवा और आपसी समन्वय पर दिया बल

निरीक्षण के समापन पर एसपी ने पुलिस बल की एकजुटता और बेहतर समन्वय पर विशेष जोर दिया. उन्होंने कहा कि पुलिस का मुख्य उद्देश्य जनसेवा और कानून-व्यवस्था बनाए रखना है. सभी कर्मियों को टीम भावना के साथ कार्य करते हुए अपराध नियंत्रण और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए हमेशा तत्पर रहना चाहिए. इस अवसर पर पुलिस केंद्र के वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे.

इसे भी पढ़ें: बिहार में ‘फ्री’ की बीयर! हाजीपुर में ट्रक-पिकअप की टक्कर के बाद मची लूट, बोतलें बटोरने लगे लोग