हाजीपुर में डीजे जब्त करने गई पुलिस टीम पर हमला, थानाध्यक्ष समेत चार पुलिसकर्मी घायल

Mahnar Police Attack: वैशाली के महनार में मोहर्रम के दौरान डीजे जब्त करने गई पुलिस टीम पर हमला. थानाध्यक्ष वेदानंद और दारोगा अनिल कुमार पांडेय समेत चार पुलिसकर्मी घायल. पुलिस जांच में जुटी.

By Abhishek shaswat | June 24, 2026 2:35 PM

Mahnar Police Attack: वैशाली जिले के महनार थाना क्षेत्र में मोहर्रम को लेकर डीजे जब्त करने गई पुलिस टीम पर असामाजिक तत्वों द्वारा हमला किए जाने का मामला सामने आया है. इस घटना में महनार थानाध्यक्ष वेदानंद, सब इंस्पेक्टर अनिल कुमार पांडेय समेत चार पुलिसकर्मी घायल हो गए. सभी घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है.

डीजे जब्ती के दौरान भड़की भीड़

जानकारी के अनुसार मोहर्रम पर्व के मद्देनजर प्रशासन ने डीजे बजाने पर प्रतिबंध लगाया है. मंगलवार को पुलिस को सूचना मिली कि महनार बाजार स्थित मिडिल स्कूल के समीप डीजे ले जाया जा रहा है. सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष वेदानंद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और कार्रवाई करते हुए डीजे को जब्त कर लिया. पुलिस की इस कार्रवाई के बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए और स्थिति तनावपूर्ण हो गई.

थानाध्यक्ष और दारोगा पर हमला

आरोप है कि डीजे जब्त किए जाने से नाराज भीड़ ने पुलिस टीम पर हमला बोल दिया. इस दौरान थानाध्यक्ष और पुलिस जवानों के साथ मारपीट की गई. सबसे अधिक चोट सब इंस्पेक्टर अनिल कुमार पांडेय को लगी, जिन्हें भीड़ ने जमीन पर पटक-पटक कर पीटा. हमले में अन्य पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं.

पुलिस की गिरफ्त से छुड़ाया डीजे

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमले और अफरा-तफरी के बीच उपद्रवियों ने पुलिस द्वारा जब्त किए गए दोनों डीजे को भी बलपूर्वक छुड़ा लिया. इसके बाद हमलावर मौके से फरार हो गए.

अस्पताल में चल रहा इलाज

घायल पुलिस अधिकारियों और जवानों को स्थानीय लोगों तथा अन्य पुलिसकर्मियों की मदद से महनार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया. चिकित्सकों के अनुसार सभी घायलों का उपचार जारी है और उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है.

पुलिस कर रही पहचान

घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है. पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मामले की जांच में जुट गए हैं. हमलावरों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है.

क्या बोले घायल दारोगा?

घायल सब इंस्पेक्टर अनिल कुमार पांडेय ने बताया कि मिडिल स्कूल के समीप डीजे बजने की सूचना पर पुलिस कार्रवाई करने पहुंची थी. डीजे जब्त करने के बाद जब पुलिस वीडियो रिकॉर्डिंग कर रही थी, तभी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और अचानक हमला कर मारपीट शुरू कर दी.

इसे भी पढ़ें: बिहार सिपाही भर्ती परीक्षा आज: हाजीपुर के 12 सेंटरों पर कड़े इंतजाम, जानें रिपोर्टिंग टाइम और जरूरी नियम