हाजीपुर-मुजफ्फरपुर NH-22 पर हादसा, बस और सीमेंट लदे ट्रैक्टर में जोरदार टक्कर, 4 घायल

Goraul Bus Tractor Accident: वैशाली के गोरौल में एनएच-22 पर यात्री बस ने सीमेंट लदे ट्रैक्टर में पीछे से टक्कर मार दी. हादसे में चार मजदूर गंभीर घायल हुए. सभी को सदर अस्पताल हाजीपुर रेफर किया गया.

By Vivek Pandey | June 29, 2026 11:26 AM

Goraul Bus Tractor Accident: (सुधीर कुमार झा) वैशाली जिले के गोरौल थाना क्षेत्र में हाजीपुर-मुजफ्फरपुर मुख्य मार्ग (एनएच-22) पर सोमवार को भीषण सड़क हादसा हो गया. हरसेर गांव के समीप पटना से सीतामढ़ी जा रही एक यात्री बस ने सीमेंट लदे ट्रैक्टर में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में ट्रैक्टर पर सवार चार मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए. दुर्घटना के बाद कुछ देर तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात बाधित रहा.

जोरदार टक्कर से पलटी ट्रॉली

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस की टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रैक्टर की ट्रॉली सड़क के बीचोंबीच पलट गई और उसमें लदे सीमेंट के बैग सड़क पर बिखर गए. हादसे के बाद आसपास अफरा-तफरी मच गई और वाहनों की लंबी कतार लग गई.

हाजीपुर-मुजफ्फरपुर nh-22 पर हादसा, बस और सीमेंट लदे ट्रैक्टर में जोरदार टक्कर, 4 घायल 3

चार मजदूर घायल, सदर अस्पताल रेफर

सूचना मिलते ही गोरौल थाना के अपर थानाध्यक्ष रंजीत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, गोरौल पहुंचाया गया. वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, हाजीपुर रेफर कर दिया.

हाजीपुर-मुजफ्फरपुर nh-22 पर हादसा, बस और सीमेंट लदे ट्रैक्टर में जोरदार टक्कर, 4 घायल 4

घायलों की हुई पहचान

घायलों की पहचान सराय थाना क्षेत्र निवासी 22 वर्षीय रणविजय कुमार, 21 वर्षीय राहुल कुमार, 19 वर्षीय अभिषेक कुमार और 20 वर्षीय प्रमोद कुमार के रूप में हुई है.

बस और ट्रैक्टर जब्त, जांच शुरू

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त यात्री बस और ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है. हादसे के कारणों की जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के बाद आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

इसे भी पढ़ें: बाबा भूतनाथ इंटर कॉलेज में बड़ा खेल, प्राचार्य विवाद के बीच अध्यक्ष का फर्जीवाड़ा उजागर, जांच रिपोर्ट आते ही BSEB ने की बड़ी कार्रवाई