बिहार विश्वविद्यालय का आज बंद होगा नामांकन पोर्टल, आवेदन, सुधार और विषय बदलने का अंतिम मौका

BRABU UG Admissionबीआरए बिहार विश्वविद्यालय (BRABU) के स्नातक सत्र 2026 में नामांकन के लिए ऑनलाइन पोर्टल आज 3 जुलाई को बंद हो जाएगा. आवेदन, फॉर्म सुधार और विषय परिवर्तन का आज अंतिम अवसर है.

By VINAY PATEDHI | July 3, 2026 10:15 AM

BRABU UG Admission: स्नातक सत्र 2026 में नामांकन की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए आज का दिन बेहद महत्वपूर्ण है. बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर बिहार विश्वविद्यालय (BRABU), मुजफ्फरपुर द्वारा दोबारा खोला गया ऑनलाइन नामांकन पोर्टल आज, 3 जुलाई को बंद हो जाएगा.

ऐसे में जो छात्र अब तक आवेदन नहीं कर पाए हैं या अपने आवेदन में त्रुटि सुधार एवं विषय (चॉइस) बदलना चाहते हैं, उनके लिए आज अंतिम अवसर है.

नए आवेदन के साथ फॉर्म सुधार और विषय परिवर्तन की भी सुविधा

नवसृजित राजकीय डिग्री कॉलेज, पटेढ़ी बेलसर की प्राचार्या डॉ. रेशमा सुल्ताना ने बताया कि जिन अभ्यर्थियों का किसी कारणवश पहले पंजीकरण नहीं हो पाया था, वे आज ही ऑनलाइन आवेदन कर लें.

उन्होंने बताया कि पहले से आवेदन कर चुके छात्र भी अपने आवेदन में त्रुटि सुधारने और पसंदीदा विषय (चॉइस) में बदलाव करने की सुविधा का लाभ उठा सकते हैं.

पहली और दूसरी मेरिट लिस्ट से वंचित छात्रों के लिए भी मौका

प्राचार्या ने कहा कि जिन छात्रों ने पहली और दूसरी मेधा सूची में मनपसंद विषय नहीं मिलने के कारण नामांकन नहीं लिया था, उनके लिए भी यह अंतिम अवसर है. आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद विश्वविद्यालय सभी प्राप्त आवेदनों के आधार पर नई मेधा सूची जारी करेगा और नामांकन की नई तिथि घोषित करेगा.

फिलहाल इस परिसर में होगी पढ़ाई

कॉलेज प्रशासन के अनुसार, राजकीय डिग्री कॉलेज, पटेढ़ी बेलसर में नामांकन लेने वाले छात्रों की कक्षाएं फिलहाल कॉलेज के अस्थायी परिसर टीचर्स ट्रेनिंग कॉलेज, सोरहत्था में संचालित होंगी.

छात्रों से समय रहते आवेदन करने की अपील

कॉलेज प्रशासन ने सभी इच्छुक छात्रों से अपील की है कि वे पोर्टल बंद होने से पहले आवेदन, फॉर्म सुधार और विषय परिवर्तन की प्रक्रिया पूरी कर लें. आज के बाद पोर्टल बंद हो जाएगा और आवेदन का अवसर समाप्त हो जाएगा.

इसे भी पढ़ें: हाजीपुर में ममेरी बहन से प्रेम संबंध के शक में भांजे की हत्या, अधजले शव मामले में मामा गिरफ्तार