ऑरेंज अलर्ट जारी: गोपालगंज समेत कई जिलों में अगले 2-3 घंटे में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी

Gopalganj Weather News : मौसम विज्ञान केंद्र (IMD) ने शनिवार को रोहतास समेत कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. हवा की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.

By Rajeev Kumar | June 27, 2026 10:02 AM

गोपालगंज से मनीष राज की रिपोर्ट
Gopalganj Weather News : मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है. अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे जिला को जानलेवा हीट वेव (लू) से राहत मिली है.आसमान में बादलों की आवाजाही बढ़ने से मौसम पहले की तुलना में काफी सुहाना हो गया है.

बीते शुक्रवार को गोपालगंज में अधिकतम तापमान में आंशिक कमी दर्ज की गई. इसी बीच मौसम विज्ञान केंद्र (IMD) ने शनिवार को रोहतास समेत कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. यह अलर्ट Be Prepared श्रेणी में रखा गया है, यानी स्थिति गंभीर हो सकती है लेकिन सावधानी से नुकसान कम किया जा सकता है.

तेज आंधी के साथ बिजली गिरने की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार गोपालगंज, बरौली, बैकुंठपुर और सिधवलिया प्रखंड के कुछ हिस्सों में अगले 2 से 3 घंटे के भीतर मौसम अचानक बिगड़ने की संभावना जताई जा रही है. इस दौरान तेज बारिश, आंधी, गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है. हवा की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.

लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी

रोहतास, औरंगाबाद और गया जिलों में भी मध्यम स्तर के गरज-चमक वाले तूफान की चेतावनी जारी की गई है. मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह स्थिति अचानक विकसित हो सकती है, इसलिए लोगों को पहले से सतर्क रहना जरूरी है.

IMD की रिपोर्ट के मुताबिक आने वाले 2 से 3 घंटे बेहद अहम हैं. इस दौरान खेतों में काम कर रहे किसान, सड़क पर यात्रा कर रहे लोग और खुले स्थानों पर मौजूद लोगों को तुरंत सुरक्षित जगह पर जाने की सलाह दी गई है.

ऑरेंज अलर्ट जारी: गोपालगंज समेत कई जिलों में अगले 2-3 घंटे में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी 2

जानिए क्या है ऑरेंज अलर्ट

ऑरेंज अलर्ट का मतलब है कि 24 घंटे के भीतर 60 से 200 मिलीमीटर तक बारिश हो सकती है. यह चेतावनी प्रशासन को अलर्ट रहने और आपदा से निपटने के लिए तैयार रहने के उद्देश्य से जारी की जाती है.
मौसम विभाग के मैप के अनुसार गोपालगंज के बरौली, बैकुंठपुर और सिधवलिया में इसका असर ज्यादा देखने को मिल सकता है. गया जिले के कुछ हिस्सों में भी इस मौसम प्रणाली का प्रभाव पड़ेगा.

अपदा प्रबंधन विभाग अलर्ट पर

तेज हवाओं के कारण पेड़ गिरने और बिजली के खंभों को नुकसान पहुंचने की आशंका है. बिजली चमकने के दौरान खुले में रहना खतरनाक हो सकता है.लोगों को पेड़ों, मोबाइल टावरों और खुले मैदानों से दूर रहने की सलाह दी गई है.

स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग को अलर्ट पर रखा गया है. स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जरूरत पड़ने पर राहत व बचाव टीमों को सक्रिय किया जाएगा. लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक बाहर निकलने से बचने की अपील की गई है.

इसे भी पढ़ें: बतरे नदी को बचाने की जरुरत, औरंगाबाद के सैकड़ों गांवों में नीचे जा रहा वाटर लेवल