gopalganj news : जिले में अब पांच मई से शुरू होगी ऑनलाइन पढ़ाई, शिक्षकों की ड्यूटी तय

gopalganj news : निर्धारित दिन पर जिला शिक्षा कार्यालय से होगी पढ़ाई, उपस्थिति इ-शिक्षाकोष में ऑन ड्यूटी मानी जायेगी

By SHAILESH KUMAR | May 4, 2026 8:53 PM

gopalganj news : गोपालगंज. जिले में अब पढ़ाई को और बेहतर बनाने के लिए नया कदम उठाया गया है. जिला शिक्षा विभाग ने पांच मई से ऑनलाइन कक्षाएं शुरू करने का फैसला लिया है. इसके लिए अलग-अलग सरकारी स्कूलों के शिक्षकों की ड्यूटी लगा दी गयी है.

डीइओ योगेश कुमार ने बताया कि जिन शिक्षकों की ड्यूटी ऑनलाइन पढ़ाने में लगायी गयी है, उन्हें अपने तय दिन और समय पर जिला शिक्षा कार्यालय पर पहुंचकर बच्चों को पढ़ाना होगा. इसके लिए पूरा शेड्यूल भी बना कर जारी कर दिया गया है. डीइओ ने कहा है कि जिस दिन शिक्षक ऑनलाइन क्लास लेंगे, उस दिन उन्हें स्कूल से गैरहाजिर नहीं माना जायेगा. उनकी उपस्थिति इ-शिक्षाकोष में मार्क ऑन ड्यूटी के रूप में दर्ज की जायेगी, जिसे मान्य उपस्थिति माना जायेगा. उन्होंने बताया कि जिन स्कूलों के शिक्षकों की ड्यूटी ऑनलाइन क्लास के लिए लगायी गयी है, वैसे स्कूलों के प्रधानाध्यापक उन्हें समय पर ऑनलाइन क्लास के लिए भेजेंगे. साथ ही इस पूरी व्यवस्था पर बीइओ भी नजर रखेंगे.

दो दिन की अलग-अलग होगी ड्यूटी

बताया गया है कि कुछ शिक्षक सोमवार, मंगलवार और बुधवार को पढ़ायेंगे, जबकि बाकी शिक्षक गुरुवार, शुक्रवार और शनिवार को ऑनलाइन कक्षाएं लेंगे. इसमें गणित, विज्ञान, भौतिकी, रसायन और सामाजिक विज्ञान जैसे विषय शामिल किये गये हैं. विभाग का कहना है कि इस व्यवस्था से बच्चों की पढ़ाई में सुधार होगा और उन्हें घर बैठे भी बेहतर तरीके से पढ़ने का मौका मिलेगा. खासकर उन छात्रों को ज्यादा फायदा होगा, जो किसी कारण से नियमित पढ़ाई नहीं कर पाते हैं.