शराब लदी कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई, वाहन के परखच्चे उड़े, कोई हताहत नहीं

Gopalganj Car Accident : तेज रफ्तार होने के कारण कार पेड़ से टकराई गयी. घटना के बाद वाहन चालक फरार है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

By Rajeev Kumar | June 27, 2026 7:23 AM

गोपालगंज से सुरेश कुमार राय की रिपोर्ट
Gopalganj Car Accident : भोरे-कटेया मुख्य पथ पर शनिवार की अहले सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया. यहां हीरो एजेंसी के समीप शराब लदी एक यूपी नंबर की कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए. हालांकि, इस हादसे में किसी के हताहत होने या घायल होने की सूचना नहीं है.

​सुबह आंख खुलते ही शराब लूटने दौड़े लोग

​स्थानीय ग्रामीणों की मानें तो सुबह जब लोगों की नींद खुली, तो उन्होंने सड़क किनारे दुर्घटनाग्रस्त कार को देखा. कार के अंदर भारी मात्रा में शराब थी. पुलिस को सूचना देने के बजाय मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई. देखते ही देखते लोगों के बीच शराब लूटने की होड़ मच गई. जिसे जितना हाथ लगा, वह उतनी शराब बटोरकर रफूचक्कर हो गया.

​पुलिस ने कार को किया जब्त, जांच जारी

​घटना की सूचना मिलने के बाद भोरे थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस के आने से पहले ही शराब तस्कर और कार सवार मौके से फरार हो चुके थे. गाड़ी की क्षतिग्रस्त स्थिति को देखकर कयास लगाया जा रहा है, कि रफ्तार तेज होने के कारण कार सीधे पेड़ से जा टकराई. भोरे पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में ले लिया है और मामले की छानबीन में जुट गई है. पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि शराब की यह खेप कहां से लाई जा रही थी और इसे कहां ले जाया जा रहा था.

Also Read : गोपालगंज में 28 जून को सिपाही भर्ती परीक्षा, जाने से पहले अभ्यर्थी पढ़ लें यह जरूरी गाइडलाइन