गोपालगंज: घर के बाहर बैठी महिला को कुचलकर पलटी शराब लदी स्कॉर्पियो, मौत के बाद लोगों ने हंगामा किया

Gopalganj Road Accident : मृतका की पहचान कुर्मटोला गांव निवासी प्रभुनाथ यादव की 50 वर्षीय पत्नी सुगंती देवी के रूप में हुई है. लोगों ने बताया अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने टक्कर मार दी.

By Rajeev Kumar | June 28, 2026 5:21 PM

कुचायकोट (गोपालगंज) से राजेश पांडेय की रिपोर्ट
Gopalganj Road Accident : उत्तर प्रदेश से कथित रूप से शराब की खेप लेकर आ रही एक अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने रविवार को कुचायकोट थाना क्षेत्र के बलथरी चेकपोस्ट के सामने कुर्मटोला गांव में घर के बाहर बैठी एक महिला को कुचल दिया. हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई. दुर्घटना के बाद स्कॉर्पियो पलट गई, जबकि चालक मौके से फरार हो गया. घटना के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने पुलिस के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया.

मृतका की पहचान कुर्मटोला गांव निवासी प्रभुनाथ यादव की 50 वर्षीय पत्नी सुगंती देवी के रूप में हुई है.

महिला की मौके पर ही मौत, चालक फरार

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुगंती देवी अपने घर के बाहर बैठी थीं. इसी दौरान जलालपुर की ओर से तेज रफ्तार में आ रही स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर उन्हें टक्कर मारते हुए पलट गई. हादसा इतना भीषण था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई.

पुलिस ने लोगों को शांत कराया

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस इंस्पेक्टर राजेश कुमार, कुचायकोट थानाध्यक्ष दर्पण सुमन तथा अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे. पुलिस ने ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

लोगों का आरोप-जर्जर सड़क के कारण हो रहा हादसा

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बलथरी चेकपोस्ट के पास सड़क जर्जर होने के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं. उनका कहना था कि पुलिस की मौजूदगी के बावजूद शराब तस्करी नहीं रुक रही है और इसी वजह से यह हादसा हुआ.

पुलिस ने घटनास्थल से दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. मामले में शराब तस्करी और सड़क दुर्घटना, दोनों पहलुओं से जांच की जा रही है। फरार चालक की तलाश जारी है.

also read: अरवल में ‘दो बूंद जिंदगी की’ के साथ शुरू हुआ पांच दिवसीय अभियान, 1.32 लाख बच्चों को मिलेगा टीका