गोपालगंज में 30 जून से नए शैक्षणिक सत्र का आगाज, डायट थावे में 310 शिक्षकों का पांच दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शुरू
Gopalganj News: गोपालगंज में नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 की शुरुआत से पहले 30 जून से डायट थावे में 310 शिक्षक-शिक्षिकाओं का पांच दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शुरू होगा. प्रशिक्षण में नई शिक्षण पद्धतियों, गतिविधि आधारित पढ़ाई और अनुशासन पर विशेष जोर दिया जाएगा.
गोपालगंज से विकास दुबे की रिपोर्ट
Gopalganj News: गोपालगंज में नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 की शुरुआत के साथ जिले के सरकारी विद्यालयों में शिक्षण व्यवस्था को और प्रभावी बनाने की तैयारी शुरू हो गई है. इसी क्रम में मंगलवार, 30 जून से थावे स्थित जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) में 310 शिक्षक-शिक्षिकाओं का पांच दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शुरू होगा. राज्य शिक्षा शोध एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) के निर्देश पर आयोजित इस प्रशिक्षण में कक्षा 3 से 5 तक के 190 तथा कक्षा 9 से 12 तक के 120 शिक्षक-शिक्षिकाएं भाग लेंगे. प्रशिक्षण 30 जून से 4 जुलाई तक चलेगा.
जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (समग्र शिक्षा एवं माध्यमिक शिक्षा) प्रवीण कुमार प्रभात ने बताया कि प्रशिक्षण का उद्देश्य शिक्षकों को नई शिक्षण पद्धतियों, गतिविधि आधारित शिक्षण, प्रभावी कक्षा संचालन और विद्यार्थियों के सीखने के स्तर में सुधार से जुड़े विषयों पर दक्ष बनाना है. प्रशिक्षण पूरी तरह आवासीय होगा और सभी प्रतिभागियों के लिए निर्धारित अवधि तक परिसर में रहना अनिवार्य रहेगा.
सुबह योग से शुरुआत, दिनभर चलेंगे शैक्षणिक सत्र
प्रशिक्षण का कार्यक्रम प्रतिदिन सुबह 5:30 बजे योग एवं पीटी से शुरू होगा. इसके बाद सुबह 8:30 बजे से शाम 7:30 बजे तक विषय विशेषज्ञों द्वारा विभिन्न शैक्षणिक सत्र, समूह चर्चा, गतिविधि आधारित प्रशिक्षण और कक्षा शिक्षण से जुड़े व्यावहारिक अभ्यास कराए जाएंगे. विभाग का मानना है कि प्रशिक्षण के बाद शिक्षक विद्यालयों में बच्चों की पढ़ाई को अधिक प्रभावी बना सकेंगे.
अनुशासन पर रहेगा विशेष जोर
शिक्षा विभाग ने प्रशिक्षण को लेकर सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं. प्रशिक्षण के दौरान मोबाइल फोन के उपयोग पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा. किसी भी गतिविधि की फोटो या वीडियो रिकॉर्डिंग की अनुमति नहीं होगी. सभी प्रतिभागियों के लिए प्रतिदिन बायोमैट्रिक उपस्थिति दर्ज कराना अनिवार्य होगा. प्रशिक्षण परिसर में प्रवेश और निकास के समय पहचान पत्र साथ रखना होगा.
बिना अनुमति अवकाश नहीं, निजी वाहन भी प्रतिबंधित
प्रशिक्षण अवधि में सामान्य परिस्थितियों में किसी भी प्रकार का अवकाश स्वीकृत नहीं होगा. केवल आपात स्थिति में सक्षम अधिकारी की अनुमति पर ही छुट्टी मिलेगी. निर्धारित सीमा से अधिक अनुपस्थित रहने वाले शिक्षक को प्रशिक्षण से अलग किया जा सकता है. निजी वाहन लाने, परिवार के सदस्य या अन्य किसी व्यक्ति के साथ ठहरने की अनुमति भी नहीं होगी.
ड्रेस कोड और समय पालन अनिवार्य
प्रशिक्षण के दौरान सभी प्रतिभागियों के लिए निर्धारित ड्रेस कोड का पालन करना होगा. योग एवं पीटी के समय ट्रैक सूट और स्पोर्ट्स शू पहनना अनिवार्य रहेगा. रात 10 बजे के बाद परिसर में आवाजाही की अनुमति नहीं होगी तथा रात 10:30 बजे तक सभी प्रतिभागियों का हॉस्टल में रहना आवश्यक होगा. परिसर में धूम्रपान और तंबाकू सेवन पर भी पूरी तरह रोक रहेगी. शिक्षा विभाग के अनुसार प्रशिक्षण की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत में आयोजित यह प्रशिक्षण सरकारी विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर शिक्षण व्यवस्था सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.
Also Read: गोपालगंज: इंस्टाग्राम पर दोस्ती, आधी रात नाबालिग लापता, फिर आया 5 लाख की फिरौती का कॉल
