बोलेरो ने साइड नहीं दी तो युवक ने तोड़े शीशे और हेडलाइट, गोपालगंज जा रही बारात में हंगामा

Gopalganj News: गोपालगंज के भोरे थाना क्षेत्र में साइड देने के विवाद में एक युवक ने बारात की बोलेरो पर हमला कर शीशे और हेडलाइट तोड़ दिए. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

By Vivek Pandey | June 30, 2026 1:36 PM

Gopalganj News: (सुरेश कुमार) भोरे थाना क्षेत्र अंतर्गत जगतौली ओपी के लाला छापर गांव में साइड लेने के मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. यहां एक युवक ने सरेराह जमकर तांडव मचाया और एक बोलेरो गाड़ी को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया. इस पूरी घटना का एक वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जो क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है.

बारात जाने के दौरान हुआ विवाद

मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना बीते 24 जून की बताई जा रही है. उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के छपिया गांव से एक बारात भोरे थाना क्षेत्र के रकबा वृति टोला जा रही थी. बारात में शामिल गाड़ियों का काफिला जब जगतौली ओपी क्षेत्र के लाला छापर गांव के पास से गुजर रहा था, तभी रास्ते में साइड देने को लेकर स्थानीय एक युवक और गाड़ी चालक के बीच बहस शुरू हो गई.

युवक ने मचाया जमकर तांडव

बहस देखते ही देखते इतनी बढ़ गई कि स्थानीय युवक आपे से बाहर हो गया. उसने गुस्से में आकर बारात में शामिल एक बोलेरो गाड़ी पर हमला बोल दिया. युवक ने बीच सड़क पर जमकर उत्पाद मचाया और लकड़ी से मारकर बोलेरो के आगे-पीछे के शीशे और हेडलाइट को चकनाचूर कर दिया.

वायरल वीडियो ने बढ़ाई मुश्किलें

घटना के समय मौके पर मौजूद किसी राहगीर ने इस पूरे तांडव का वीडियो अपने मोबाइल में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में युवक की गुंडागर्दी साफ देखी जा सकती है. इस घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया.

इसे भी पढ़ें: बिहार में ‘फ्री’ की बीयर! हाजीपुर में ट्रक-पिकअप की टक्कर के बाद मची लूट, बोतलें बटोरने लगे लोग