गोपालगंज में इंजीनियरिंग छात्र पर चाकू से ताबड़तोड़ वार, हालत नाजुक; गोरखपुर रेफर!
Gopalganj Engineering Student Stabbed: गोपालगंज के भोरे में पुरानी रंजिश को लेकर इंजीनियरिंग छात्र विशाल यादव पर चाकू से जानलेवा हमला किया गया. गंभीर हालत में उसे गोरखपुर रेफर किया गया. पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है.
Gopalganj Engineering Student Stabbed: (सुरेश कुमार राय) गोपालगंज जिले के भोरे प्रखंड की जगतौली ओपी क्षेत्र के सकतौली गांव में पुरानी रंजिश को लेकर एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. यहां घात लगाए अपराधियों ने 20 वर्षीय एक इंजीनियरिंग छात्र पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया. घटना कावे गांव के चंवर के समीप की है. घायल युवक की पहचान सकतौली गांव निवासी अशोक यादव के पुत्र विशाल यादव (20 वर्ष) के रूप में की गई है. विशाल भोपाल में रहकर इंजीनियरिंग की पढ़ाई करता था और कुछ ही दिन पहले अपने गांव आया हुआ था.
घात लगाकर बैठे थे बदमाश, घेरकर किया हमला
जानकारी के अनुसार, विशाल यादव रविवार की शाम कावे गांव के चंवर के पास से गुजर रहा था. इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे कुछ युवकों ने उसे घेर लिया. विशाल जब तक कुछ समझ पाता, तब तक आरोपियों ने उस पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया. पेट और शरीर के अन्य हिस्सों पर चाकू लगने से विशाल वहीं तड़पकर गिर गया. वारदात को अंजाम देने के बाद सभी हमलावर मौके से फरार हो गए.
सदर अस्पताल से गोरखपुर रेफर, स्थिति चिंताजनक
स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से लहूलुहान विशाल को आनन-फानन में इलाज के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल ले जाया गया. डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार तो किया, लेकिन अत्यधिक खून बह जाने और स्थिति को बेहद नाजुक देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए तुरंत गोरखपुर रेफर कर दिया. परिजनों ने विशाल को गोरखपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसकी स्थिति बेहद गंभीर हैं.
बदले की आग में हुआ हमला: सूत्र
स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, इस खूनी खेल के पीछे पुरानी रंजिश है. कुछ दिन पहले दोनों पक्षों के बीच किसी बात को लेकर तीखी झड़प हुई थी, जिसमें जख्मी विशाल ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर दूसरे पक्ष की पिटाई कर दी थी. इसी प्रतिशोध में आरोपियों ने विशाल को अकेला पाकर उस पर जानलेवा हमला बोल दिया.
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन में जुट गई है. पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और परिजनों व स्थानीय लोगों के बयान दर्ज किए हैं. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है. जल्द ही सभी आरोपी सलाखों के पीछे होंगे.
