इंटर स्पॉट एडमिशन की अंतिम तिथि बढ़ी, अब 9 जुलाई तक मिलेगा दाखिले का मौका

BSEB OFSS Spot Admission: गोपालगंज में बिहार बोर्ड इंटर स्पॉट एडमिशन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 9 जुलाई कर दी गई है. जिले के 264 स्कूलों और इंटर कॉलेजों में रिक्त सीटों पर नामांकन लिया जाएगा.

By Prabhat Khabar News Desk | July 2, 2026 1:40 PM

BSEB OFSS Spot Admission: इंटर सत्र 2026-28 में अब तक नामांकन नहीं करा सके छात्र-छात्राओं के लिए राहत भरी खबर है. बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (बीएसईबी) ने स्पॉट एडमिशन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 9 जुलाई कर दी है. पहले यह प्रक्रिया 1 जुलाई तक निर्धारित थी, लेकिन बड़ी संख्या में विद्यार्थियों के हित को देखते हुए बोर्ड ने समय सीमा बढ़ाने का फैसला लिया है.

264 स्कूलों और इंटर कॉलेजों में होगा स्पॉट एडमिशन

गोपालगंज के जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) योगेश कुमार ने बताया कि जिले के 264 प्लस-टू उच्च माध्यमिक विद्यालयों और इंटर स्तर के शिक्षण संस्थानों में रिक्त सीटों पर 9 जुलाई तक स्पॉट नामांकन लिया जाएगा. उन्होंने इसे इंटर में दाखिले का अंतिम अवसर बताते हुए छात्र-छात्राओं और अभिभावकों से समय रहते नामांकन कराने की अपील की है.

ai से ली गई तस्वीर

तीन चयन सूची के बाद भी खाली हैं सीटें

जिले में इंटर नामांकन के लिए पहली, दूसरी और तीसरी चयन सूची जारी होने के बाद भी कई विद्यालयों और कॉलेजों में सीटें खाली रह गई हैं. इन्हीं रिक्त सीटों को भरने के लिए स्पॉट एडमिशन की प्रक्रिया चलाई जा रही है. विभाग का मानना है कि तिथि बढ़ने से उन विद्यार्थियों को भी मौका मिलेगा, जो किसी कारणवश पहले नामांकन नहीं करा सके.

ai से ली गई तस्वीर

इन तीन श्रेणी के विद्यार्थियों को मिलेगा मौका

  • बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के अनुसार स्पॉट एडमिशन के तहत तीन प्रकार के विद्यार्थियों को प्रवेश दिया जाएगा.
  • जिनका पहली, दूसरी और तीसरी चयन सूची में कहीं भी चयन नहीं हुआ.
  • जिन्होंने पहले OFSS पोर्टल पर आवेदन नहीं किया था, लेकिन अब स्पॉट एडमिशन के लिए ऑनलाइन आवेदन कर चुके हैं.
  • जिनका चयन पहले हो गया था, लेकिन निर्धारित समय के भीतर संबंधित विद्यालय या कॉलेज में नामांकन नहीं हो सका.

इन सभी विद्यार्थियों को उपलब्ध रिक्त सीटों के आधार पर प्रवेश दिया जाएगा.

रिक्त सीटों पर सीधे होगा नामांकन

डीईओ ने सभी प्लस-टू विद्यालयों और इंटर कॉलेजों के प्रधानाध्यापकों को निर्देश दिया है कि वे रिक्त सीटों की जानकारी सार्वजनिक करें और OFSS पोर्टल पर नियमित रूप से अपडेट करें. विद्यार्थी उपलब्ध सीटों की जानकारी लेकर अपनी पसंद के विद्यालय या कॉलेज में सीधे स्पॉट एडमिशन करा सकेंगे.

सांकेतिक तस्वीर

स्लाइड-अप वाले छात्रों को फिर करना होगा आवेदन

जिन विद्यार्थियों ने पहले नामांकन के बाद स्लाइड-अप का विकल्प चुना था, लेकिन नए आवंटित संस्थान में प्रवेश नहीं लिया, उनका पूर्व नामांकन स्वतः रद्द माना जाएगा. ऐसे विद्यार्थियों को दोबारा ऑनलाइन आवेदन कर स्पॉट एडमिशन की प्रक्रिया पूरी करनी होगी.

नामांकन के समय ये दस्तावेज साथ रखें

  • मैट्रिक का अंकपत्र
  • विद्यालय परित्याग प्रमाण-पत्र (टीसी)
  • आधार कार्ड
  • पासपोर्ट आकार का फोटो
  • आवश्यकता अनुसार जाति, आय और आवास प्रमाण-पत्र

सभी आवश्यक दस्तावेज पूरे होने पर ही नामांकन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी.

सांकेतिक तस्वीर

10 जुलाई तक पोर्टल पर अपडेट करना होगा विवरण

बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने सभी विद्यालयों और कॉलेजों के प्रधानाध्यापकों को निर्देश दिया है कि वे प्रतिदिन नामांकित विद्यार्थियों का विवरण OFSS पोर्टल पर अपडेट करें और 10 जुलाई तक सभी नामांकन की ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी कर दें. विभाग ने स्पष्ट किया है कि स्पॉट एडमिशन इंटर में प्रवेश का अंतिम चरण है.

इसे भी पढ़ें: गोपालगंज में फटा दूध खाने से एक ही परिवार के 10 लोग फूड पॉइजनिंग के शिकार, सदर अस्पताल में भर्ती