श्रीपुर के मंगहा रेलवे हाॅल्ट के पास ट्रेन से गिरकर उचकागांव के युवक की गयी जान

फुलवरिया. श्रीपुर थाना क्षेत्र के मंगहा रेलवे हाल्ट के समीप मंगलवार की रात एक दर्दनाक हादसे में ट्रेन से गिरकर एक युवक की मौत हो गयी.

By AWEDHESH KUMAR RAJA | January 28, 2026 5:36 PM

फुलवरिया. श्रीपुर थाना क्षेत्र के मंगहा रेलवे हाल्ट के समीप मंगलवार की रात एक दर्दनाक हादसे में ट्रेन से गिरकर एक युवक की मौत हो गयी. रेलवे ट्रैक पर शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गयी. मृतक उचकागांव थाना क्षेत्र के कैथवलिया गांव निवासी शंभू गुप्ता था. प्राप्त जानकारी के अनुसार शंभू गुप्ता पटना से पैसेंजर ट्रेन में सवार होकर अपने रिश्तेदारी में बथुआ बाजार आ रहा था. इसी दौरान मंगहा रेलवे हाल्ट के पास किसी कारणवश वह चलती ट्रेन से गिर पड़ा. गिरने के बाद वह गंभीर रूप से घायल हो गया और ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गयी. हादसे के बाद ट्रेन आगे बढ़ गयी, जबकि युवक का शव ट्रैक पर क्षत-विक्षत अवस्था में पड़ा रहा. घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और श्रीपुर पुलिस को जानकारी दी. थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गोपालगंज भेज दिया. रेलवे पुलिस को भी सूचना दी गयी है. थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला ट्रेन से गिरकर मौत का प्रतीत होता है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी. इधर, घटना की खबर मिलते ही मृतक के गांव में मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.