झपकी बनी हादसे की वजह : सुखनियां पुल की रेलिंग तोड़ नीचे गिरी गिट्टी लदी ट्रक

मंगलवार सुबह जब वाहन सुखनियां पुल पर पहुंचा, तभी चालक को अचानक झपकी आ गयी. इसके कारण ट्रक का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे पुल की रेलिंग से टकरा गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि रेलिंग क्षतिग्रस्त हो गई और ट्रक पुल के नीचे जा गिरी.

By VINOD RAO | June 16, 2026 5:22 PM

बौंसी-हंसडीहा एनएच पर तड़के हुआ हादसा

बौंसी.

प्रखंड में बौंसी-हंसडीहा राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया . भागलपुर की ओर जा रही गिट्टी लदी एक तेज रफ्तार ट्रक सुखनियां पुल के समीप अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग तोड़ते हुए नीचे जा गिरी .जानकारी के अनुसार ट्रक गिट्टी लेकर भागलपुर की दिशा में जा रही थी . सुबह के समय जब वाहन सुखनियां पुल पर पहुंचा, तभी चालक को अचानक झपकी आ गयी . इसी कारण ट्रक का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे पुल की रेलिंग से टकरा गई .

रेलिंग क्षतिग्रस्त, ट्रक नीचे गिरा

टक्कर इतनी जोरदार थी कि पुल की रेलिंग पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और ट्रक पुल के नीचे जा गिरी . हादसे के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया .इस दुर्घटना में चालक की जान बाल-बाल बच गई, जबकि ट्रक में सवार खलासी प्रीतम कुमार, जो समुखिया मोड़ निवासी निरंजन पासवान का पुत्र बताया जाता है, को मामूली चोटें आईं .

मौके पर पहुंची पुलिस, शुरू हुई जांच

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे तथा घायल खलासी को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया . प्राथमिक इलाज के बाद उसकी स्थिति सामान्य होने पर उसे घर भेज दिया गया .

गिट्टी बिखरने से आवागमन प्रभावित

ट्रक के पुल के नीचे गिरने से उसमें लदी गिट्टी आसपास के क्षेत्र में बिखर गई, जिससे कुछ समय तक आवागमन प्रभावित रहा . पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है . प्रारंभिक जांच में चालक को झपकी आने के कारण हादसा होने की बात सामने आ रही है . स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते बड़ा नुकसान टल गया, अन्यथा स्थिति और गंभीर हो सकती थी .