बिहार-झारखंड बॉर्डर पर अवैध बालू लोड ट्रैक्टर जब्त, चालक फरार

Banka News : बांका में अवैध बालू तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. जयपुर थाना पुलिस ने इंदोडीह घाट के पास छापेमारी कर बालू लोड ट्रैक्टर जब्त किया, जबकि चालक और मजदूर मौके से फरार हो गए.

By AMIT KR SINHA | May 22, 2026 12:35 PM

जयपुर (बांका) से लक्ष्मण कुमार मंटु की रिपोर्ट : बांका जिले के जयपुर थाना क्षेत्र में अवैध बालू उत्खनन के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए एक बालू लोड ट्रैक्टर जब्त किया है. यह कार्रवाई बिहार-झारखंड बॉर्डर स्थित इंदोडीह घाट के समीप की गई. पुलिस की इस कार्रवाई के बाद इलाके के बालू माफियाओं में हड़कंप मच गया है.

एसपी और एसडीपीओ के निर्देश पर चला अभियान

जानकारी के अनुसार बांका एसपी उपेंद्र नाथ वर्मा और एसडीपीओ डॉ रवींद्र मोहन प्रसाद के संयुक्त निर्देश पर जयपुर थाना पुलिस ने अवैध बालू उत्खनन के खिलाफ सघन छापेमारी अभियान चलाया. इस दौरान पुलिस टीम ने क्षेत्र के कई बालू घाटों पर निगरानी और जांच अभियान चलाया.

इंदोडीह घाट के पास पकड़ा गया ट्रैक्टर

छापेमारी के दौरान पुलिस ने बिहार-झारखंड सीमा पर स्थित इंदोडीह घाट के निकट जमुनियां गांव के पास से अवैध बालू लदा ट्रैक्टर जब्त कर लिया. हालांकि पुलिस टीम को देखते ही ट्रैक्टर चालक और वहां मौजूद मजदूर वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए.

बालू माफियाओं में मचा हड़कंप

इस कार्रवाई का नेतृत्व जयपुर थाना अध्यक्ष कन्हैया कुमार कर रहे थे. अभियान में अन्य पुलिस पदाधिकारी और जवान भी शामिल रहे. पुलिस की लगातार कार्रवाई से इलाके में सक्रिय अवैध बालू कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है.

चालक और मालिक पर दर्ज हुई प्राथमिकी

पुलिस ने जब्त ट्रैक्टर को थाना लाकर कब्जे में ले लिया है. मामले में ट्रैक्टर चालक और मालिक के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस का कहना है कि अवैध बालू उत्खनन और परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा.