किसान संगठन का हुआ विस्तार, महिला कार्यक्रम को लेकर बनी रणनीति

Bharatiya Kisan Sangh Meeting:बांका के धोरैया में भारतीय किसान संघ की जिला स्तरीय बैठक में संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने की रणनीति बनाई गई. बैठक में सीतामढ़ी में होने वाले महिला कार्यक्रम की तैयारी से लेकर प्रखंड स्तर पर संगठन विस्तार को लेकर विस्तृत चर्चा हुई.

By AMIT KR SINHA | May 18, 2026 12:52 PM

धोरैया (बांका) से प्रदीप कुमार की रिपोर्ट :

धोरैया प्रखंड के डेरु स्थित विवाह भवन में भारतीय किसान संघ की जिला स्तरीय मासिक बैठक आयोजित की गयी. जिलाध्यक्ष विद्यासागर सिंह की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में संगठन विस्तार, क्षेत्रीय प्रवास और आगामी कार्यक्रमों को लेकर विचार-विमर्श किया गया. बैठक में बड़ी संख्या में किसान संघ के पदाधिकारी और कार्यकारिणी सदस्य मौजूद रहे.

वंदे मातरम के जयघोष के साथ शुरू हुई बैठ

बैठक की शुरुआत झंडोत्तोलन, पुष्प अर्पण और वंदे मातरम के जयघोष के साथ हुई. मंच संचालन जिला मंत्री दयानंद सिंह ने किया.बैठक में सबसे पहले दक्षिण बिहार के प्रांतीय महामंत्री अमरेश कुमार ने संगठन विस्तार को लेकर विस्तार से चर्चा की. उन्होंने आगामी 28 से 30 मई तक सीतामढ़ी में आयोजित होने वाले महिला कार्यक्रम में बांका जिले की भूमिका और भागीदारी को लेकर भी रणनीति तय की.

“हर प्रखंड में समय दान देने की जरूरत”

संस्थापक सदस्य एवं केंद्रीय पदाधिकारी परमानंद चांदवाला ने कहा कि संगठन को मजबूत बनाने के लिए जिला कार्यकारिणी सदस्यों की टीम बनाकर प्रत्येक प्रखंड में नियमित प्रवास और समय दान देने की आवश्यकता है.उन्होंने कहा कि किसी भी कार्यक्रम और आयोजन की सूचना को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने पर विशेष जोर देना चाहिए, ताकि संगठन का विस्तार तेजी से हो सके.

नवमनोनीत पदाधिकारियों को सौंपी गयी जिम्मेदारी

बैठक के दौरान धोरैया प्रखंड के नवमनोनीत अध्यक्ष मृत्युंजय प्रसाद सिंह, उपाध्यक्ष अरविंद सिंह और जिला युवा प्रमुख डॉ अमृत कुमार सिंह को कार्य संचालन की जिम्मेदारी सौंपी गई.इस दौरान जिला उपाध्यक्ष धनंजय मोदी, जिला महासचिव अमरेंद्र सिंह, जिला कोषाध्यक्ष ज्योतिष प्रसाद सिंह, महिला प्रमुख पुष्पा चौधरी समेत किसान संघ के कई कार्यकारिणी सदस्य मौजूद रहे.बैठक में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और किसानों से जुड़े मुद्दों को लेकर सक्रिय भूमिका निभाने पर भी जोर दिया गया.