छात्र-छात्राओं ने किया विक्रमशिला व बटेश्वर स्थान का शैक्षणिक भ्रमण

प्रोन्नत मध्य विद्यालय पंजवारा कन्या के छात्र-छात्राओं के लिए गुरुवार को शैक्षणिक परिभ्रमण कार्यक्रम का आयोजन किया गया

By GOURAV KASHYAP | February 26, 2026 9:17 PM

पंजवारा.

प्रोन्नत मध्य विद्यालय पंजवारा कन्या के छात्र-छात्राओं के लिए गुरुवार को शैक्षणिक परिभ्रमण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस दौरान विद्यार्थियों को ऐतिहासिक व धार्मिक महत्व के स्थलों का भ्रमण कराया गया. शैक्षणिक परिभ्रमण के तहत छात्र-छात्राओं ने विक्रमशिला विश्वविद्यालय के पुरातात्विक स्थल का भ्रमण कर इसके ऐतिहासिक महत्व की जानकारी प्राप्त की. साथ ही विद्यार्थियों ने बटेश्वर स्थान स्थित गंगा तट का भी दर्शन किया, जिससे उनमें सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक समझ का विकास हुआ. यह परिभ्रमण विद्यालय के प्रधानाध्यापक चन्द्राधर झा की अगुवाई में संपन्न हुआ. इस अवसर पर शिक्षक-शिक्षिका रचना कुमारी मिश्रा, गुरुनाथ पंडित, स्मृति राज, निलेश कुमार एवं आदित्य कुमार सहित अन्य उपस्थित रहे. शिक्षकों ने बताया कि ऐसे शैक्षणिक भ्रमण से विद्यार्थियों को पुस्तकीय ज्ञान के साथ-साथ व्यवहारिक एवं ऐतिहासिक अनुभव प्राप्त होता है, जो उनके सर्वांगीण विकास में सहायक सिद्ध होता है.