बेटे ने बुजुर्ग माता-पिता को मारपीट कर घर से निकाला, थाने में शिकायत

शंभुगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत बंधुडीह गांव से रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक मार्मिक घटना सामने आई है.

By SHUBHASH BAIDYA | April 17, 2026 8:28 PM

शंभुगंज. शंभुगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत बंधुडीह गांव से रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक मार्मिक घटना सामने आई है. यहां एक पुत्र पर अपने ही बुजुर्ग माता-पिता को न केवल प्रताड़ित करने, बल्कि उन्हें घर से बाहर निकाल देने का आरोप लगा है. पीड़ित दंपती ने थाने पहुंचकर न्याय की गुहार लगायी है. जानकारी के अनुसार, बंधुडीह गांव निवासी जय किशोर यादव और उनकी पत्नी मीना देवी ने शुक्रवार को थाना पहुंचकर अपने ही पुत्र के विरुद्ध लिखित शिकायत दर्ज करायी. उन्होंने बताया कि उनके पुत्र ने उनके साथ अमानवीय व्यवहार करते हुए भोजन-पानी तक बंद कर दिया. इतना ही नहीं, विरोध करने पर गाली-गलौज और मारपीट कर उन्हें घर से बाहर निकाल दिया गया. पीड़ित दंपती ने बताया कि उनके दो पुत्र हैं. बड़ा पुत्र अमरेंद्र यादव झारखंड पुलिस में कार्यरत है, जबकि छोटा पुत्र समरेंद्र यादव गांव में रहकर खेती करता है. वृद्ध दंपती ने आरोप लगाया है कि दोनों पुत्र अब अपने माता-पिता के भरण-पोषण से मुकर गए हैं. जब उन्होंने खाने-पीने की मांग की, तो उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया और उन्हें बेघर कर दिया गया. घटना के बाद असहाय दंपती ने थाना पहुंचकर पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. वहीं, आरोपी पुत्र ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को निराधार बताया है. थाना पुलिस के अनुसार, मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है.