शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई में एसआई घायल, एक तस्कर गिरफ्तार

Banka News : बौसी बाजार स्थित दुमका रोड पर शराब तस्करों के खिलाफ चलाए गए अभियान में बौसी थाना के एसआई पवन कुमार घायल हो गए. पुलिस ने कार्रवाई के दौरान एक शराब तस्कर को गिरफ्तार कर शराब बरामद की है.

By AMIT KR SINHA | May 20, 2026 1:41 PM

बौसी (बांका )से संजीव पाठक की रिपोर्ट : बौसी थाना क्षेत्र में पुलिस को सूचना मिली थी कि इलाके में शराब की तस्करी की जा रही है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और दुमका रोड पर तस्करों की घेराबंदी शुरू की.

भाग रहे तस्कर को पकड़ने के दौरान एसआइ गिर गये

पुलिस को देखकर तस्कर भागने लगे, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें पकड़ने का प्रयास किया. इसी दौरान दौड़ते समय एसआई पवन कुमार गिर पड़े और घायल हो गए. उन्हें तुरंत बौसी रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया.

गिरफ्तार तस्कर झारखंड का रहनेवाला

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने झारखंड के हंसडीहा थाना क्षेत्र के हंसडीहा बाजार निवासी मनोहर यादव के पुत्र विनोद यादव को गिरफ्तार किया. आरोपी शराब की डिलीवरी देने के लिए जा रहा था. पुलिस ने उसके पास से शराब भी बरामद की है.

पुलिस कर आरोपित से कर रही पूछताछ

घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया. पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर शराब तस्करी नेटवर्क के अन्य सदस्यों की जानकारी जुटा रही है.

कहते हैं अधिकारी

बौसी पुलिस ने कहा कि क्षेत्र में शराब तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी हाल में तस्करों को बख्शा नहीं जाएगा. अधिकारी यह भी स्पष्ट कर रहे हैं कि कार्रवाई में पुलिस के किसी भी सदस्य की सुरक्षा सर्वोपरि रहेगी.