बाराहाट की एक पंचायत में स्कूल जाने के लिए खेत की मेड़ ही सहारा, प्रावि रकौली आज भी रास्ताविहीन

Rakouli School Road Issue: बरसात में खेत की मेड़ और पगडंडी के सहारे स्कूल पहुंचते हैं बच्चे और शिक्षक. बांका के इस स्कूल तक आज भी नहीं पहुंची सड़क.

By AMIT KR SINHA | July 1, 2026 10:36 AM

पंजवारा, बांका से गौरव कश्यप की रिपोर्ट

Rakouli School Road Issue: बाराहाट प्रखंड की महुआ पंचायत स्थित प्राथमिक विद्यालय रकौली तक पहुंचने के लिए आज भी कोई संपर्क पथ नहीं है. खेतों के बीच स्थित इस विद्यालय तक जाने के लिए छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को खेत की मेड़ और पगडंडी का सहारा लेना पड़ता है. बरसात के दिनों में यह रास्ता और भी कठिन हो जाता है, जिससे छोटे बच्चों को काफी परेशानी झेलनी पड़ती है.

Rakouli School Road Issue: बरसात में बढ़ जाती है बच्चों की मुश्किलें

विद्यालय जाने के लिए बच्चों को मुख्य मार्ग से उतरकर डांड़ में बह रहे पानी को पार करते हुए कच्ची मेड़ के रास्ते विद्यालय पहुंचना पड़ता है. फिसलन के कारण कई बार बच्चे गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं. यही वजह है कि बारिश के मौसम में कई छात्र-छात्राएं विद्यालय आने से कतराते हैं.

निजी जमीन बनी संपर्क पथ निर्माण में बाधा

विद्यालय के प्रधानाध्यापक राजेश कुमार ने बताया कि मुख्य सड़क और विद्यालय के बीच निजी भूमि होने के कारण अब तक संपर्क पथ का निर्माण नहीं हो सका है. विभाग को कई बार इस समस्या से अवगत कराया गया है, लेकिन निजी जमीन का मामला होने से समाधान नहीं निकल पाया है. उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा और नियमित उपस्थिति के लिए विद्यालय तक पहुंचने का रास्ता बनना जरूरी है.

समाधान के लिए प्रयास जारी रहने का दावा

महुआ पंचायत के उपमुखिया राकेश कुमार सिंह ने बताया कि विद्यालय और मुख्य सड़क के बीच निजी जमीन है. कई बार जमीन उपलब्ध कराने को लेकर पहल की गई, लेकिन सहमति नहीं बनने के कारण सड़क निर्माण संभव नहीं हो पाया. उन्होंने कहा कि समस्या के समाधान के लिए आगे भी प्रयास जारी रहेगा.

ये भी पढ़े : 18 घंटे बाद बेसुध हालत में मिला लापता किशोर, होश आने के बाद खुलेगा रहस्य