कटोरिया के राधानगर उपद्रव पर पुलिस सख्त, आगजनी व तोड़फोड़ करनेवालों पर दर्ज होगी प्राथमिकी
Radhanagar Disturbance case : राधानगर बवाल पर पुलिस का बड़ा एक्शन, आगजनी और पथराव करने वालों की होगी पहचान, एसपी ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश.
कटोरिया (बांका) से दीपक चौधरी की रिपोर्ट
Radhanagar Disturbance case: कटोरिया थाना क्षेत्र के राधानगर बाजार में एलकेजी छात्र आनंद कुमार की मौत के बाद हुए सड़क जाम, प्रदर्शन, आगजनी और तोड़फोड़ के मामले को पुलिस प्रशासन ने गंभीरता से लिया है. पुलिस अधीक्षक अमितेश कुमार ने उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने और सख्त कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं.
राधानगर पहुंचकर एसपी ने लिया स्थिति का जायजा
राधानगर बाजार में तनावपूर्ण स्थिति की सूचना मिलने पर एसपी अमितेश कुमार रविवार देर रात स्वयं कटोरिया थाना पहुंचे. उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और मामले की जांच की प्रगति का आकलन किया.
वीडियो और सीसीटीवी फुटेज से होगी उपद्रवियों की पहचान
एसपी ने निर्देश दिया कि प्रदर्शन के दौरान हुई आगजनी, पथराव और वाहनों में तोड़फोड़ की घटनाओं में शामिल लोगों की पहचान वीडियो फुटेज, सीसीटीवी कैमरों और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर की जाए. दोषियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तारी की प्रक्रिया तेज करने का भी निर्देश दिया गया है.
Radhanagar Disturbance case: आनंद हत्याकांड के आरोपितों की जल्द होगी गिरफ्तारी
सात वर्षीय छात्र आनंद कुमार की हत्या के मामले को भी पुलिस ने सर्वोच्च प्राथमिकता में रखा है. एसपी ने अनुसंधान को वैज्ञानिक और निष्पक्ष तरीके से आगे बढ़ाने का निर्देश देते हुए कहा कि इस जघन्य अपराध में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और सभी आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी.
छात्र की मौत के बाद भड़का था लोगों का आक्रोश
गौरतलब है कि 22 जून को राधानगर स्थित माउंट केरला आवासीय विद्यालय में एलकेजी छात्र आनंद कुमार पर धारदार हथियार से हमला किया गया था. गंभीर रूप से घायल छात्र की इलाज के दौरान 29 जून को मौत हो गई. घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए और राधानगर बाजार में सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया.
पांच पुलिस वाहनों समेत आठ गाड़ियों में हुई थी तोड़फोड़
प्रदर्शन के दौरान स्थिति बिगड़ गई और उग्र भीड़ ने आगजनी, पथराव और तोड़फोड़ की घटनाओं को अंजाम दिया. इस दौरान पुलिस के पांच वाहनों सहित कुल आठ वाहनों को क्षतिग्रस्त किया गया, जिससे क्षेत्र में कई घंटों तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा.
उपद्रवियों को नहीं मिलेगी कोई राहत
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि हत्या के आरोपितों के साथ-साथ कानून-व्यवस्था भंग करने, सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाले लोगों के खिलाफ भी कठोर कार्रवाई की जाएगी. मामले की निगरानी लगातार की जा रही है और दोषियों की पहचान तथा गिरफ्तारी के लिए पुलिस कार्रवाई जारी है.
आखिर सात वर्षीय मासूम छात्र ने कातिल का क्या बिगाड़ा था
माउंट केरला आवासीय विद्यालय के एलकेजी छात्र आनंद कुमार की मौत ने पूरे कटोरिया क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है. आठ दिनों तक जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करने के बाद मासूम आनंद ने सोमवार को दम तोड़दिया. उसकी मौत के बाद हर किसी की जुबां पर सिर्फ एक ही सवाल है “आखिर सात वर्षीय मासूम छात्र ने कातिल का क्या बिगाड़ा था, जो उसे इतनी निर्मम मौत दी गई?
ये भी पढ़े : बांका में घायल छात्र आनंद की आठ दिन बाद मौत, फूटा जनाक्रोश, जाम, आगजनी व पथराव
