निर्माणाधीन पुल के पास नहीं बना डायवर्सन, खैरा-लकड़ा मार्ग पर बढ़ा हादसों का खतरा

Banka News:बांका जिले के रजौन क्षेत्र में निर्माणाधीन पुल के पास डायवर्सन नहीं बनने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है. सड़क के नीचे खेत होकर गुजरने को मजबूर वाहन चालकों को हर दिन दुर्घटना का डर सता रहा है. हालात ऐसे हैं कि बारिश के बाद यहां हादसों का खतरा और बढ़ गया है.

By AMIT KR SINHA | May 17, 2026 2:42 PM

रजौन (बांका) से पियूष कुमार की रिपोर्ट:

लकड़ा गांव के समीप खैरा-लकड़ा मुख्य मार्ग पर बन रहे पुल के पास सुरक्षित डायवर्सन नहीं बनाए जाने से लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं. स्थानीय लोगों ने जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराया है.

पुल निर्माण के बाद बढ़ी परेशानी

जानकारी के अनुसार भागलपुर-हंसडीहा मुख्य मार्ग से बामदेव बाजार होते हुए लकड़ा तक जाने वाली सड़क पर करीब एक माह पहले पुराने पुल को तोड़कर नए पुल का निर्माण कार्य शुरू किया गया था. लेकिन निर्माण एजेंसी द्वारा पुल के पास सुरक्षित डायवर्सन की व्यवस्था नहीं की गई. घटनास्थल पर सरिया बांधकर छोड़ दिया गया है, जिससे वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

खेत होकर गुजर रहे वाहन

स्थानीय लोगों के अनुसार वाहन चालकों को सड़क छोड़कर नीचे खेत के रास्ते से गुजरना पड़ रहा है. हाल के दिनों में हुई बारिश के कारण रास्ता और खतरनाक हो गया है.बताया गया कि कुछ दिन पहले एक ऑटो असंतुलित होकर पलट गया था, जिसमें सवार लोग घायल हो गए थे. ग्रामीणों का आरोप है कि संवेदक ने केवल मिट्टी और चिप्स डालकर अस्थायी रास्ता बना दिया है, जो किसी भी दृष्टिकोण से सुरक्षित नहीं है. खासकर छोटे वाहनों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है.

ग्रामीणों ने जताई नाराजगी

लकड़ा गांव से होकर यात्रा करने वाले बासुकी सिंह राठौर, गुंजन सिंह, पंकज कुमार सिंह, प्रदुमन सिंह, रितेश कुमार, संजय सिंह, अभिनव कुमार, बुलबुल सिंह, प्रीतेश कुमार सिंह और दयानंद यादव समेत कई लोगों ने नाराजगी जताई है.ग्रामीणों ने कहा कि पुल निर्माण में डायवर्सन की व्यवस्था का ध्यान नहीं रखा गया. बारिश के मौसम में यह रास्ता और खतरनाक हो जाएगा.

विभाग ने दिया कार्रवाई का भरोसा

मामले को लेकर क्षेत्रवासियों ने संबंधित अधिकारियों को लिखित आवेदन भी दिया है. इस संबंध में आरडब्ल्यूडी विभाग के एसडीओ ने बताया कि स्थल का निरीक्षण कर नए सिरे से सुरक्षित डायवर्सन बनाया जाएगा.