सहयोग शिविर में पहुंचे मंत्री डॉ दिलीप जायसवाल, बोले- तय समय पर काम नहीं करने वाले अधिकारी खुद को निलंबित समझें

Dilip Jaiswal Chandan Camp : जनता की समस्याएं समय पर नहीं सुलझेंगी तो जवाबदेही तय होगी. " चांदन में आयोजित सहयोग शिविर में पहुंचे बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने अधिकारियों को कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्यों का निष्पादन नहीं करने वाले पदाधिकारी खुद को स्वतः निलंबित समझें.

By AMIT KR SINHA | June 16, 2026 3:53 PM

चांदन (बांका) से अमरेंद्र पांडेय की रिपोर्ट

Banka News : बांका जिले के चांदन प्रखंड मुख्यालय स्थित पंचायत सरकार भवन परिसर में मंगलवार को बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी ”सहयोग शिविर” योजना के तहत कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में बिहार के राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री सह बांका जिला प्रभारी मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल शामिल हुए. इस दौरान उन्होंने आम लोगों की समस्याएं सुनीं, विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा की और अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से शिकायतों के निष्पादन का सख्त निर्देश दिया.

लापरवाह अधिकारियों पर मंत्री का सख्त संदेश

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने कहा कि यदि सरकारी पदाधिकारी समय पर आमजनों की समस्याओं का समाधान कर देते तो ऐसे सहयोग शिविर आयोजित करने की आवश्यकता ही नहीं पड़ती. उन्होंने कहा कि यह शिविर उन लापरवाह अधिकारियों के लिए एक संदेश है जो जनता की समस्याओं को गंभीरता से नहीं लेते. मंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि तय समय सीमा के भीतर कार्यों का निष्पादन नहीं करने वाले अधिकारी स्वयं को निलंबित समझें.

जमीन संबंधी मामलों का हुआ त्वरित समाधान

मंत्री ने सहयोग शिविर की उपयोगिता बताते हुए कहा कि कई ऐसे मामले सामने आए हैं, जिनमें लोग वर्षों से कार्यालयों के चक्कर लगा रहे थे. उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि एक रैयत दो वर्षों से जमीन मापी के लिए परेशान था, लेकिन सहयोग शिविर में आवेदन देने के बाद उसका मामला आगे बढ़ा और समाधान की दिशा में कार्रवाई हुई. उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि लोगों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित निपटारा हो.

दीप प्रज्वलित कर किया कार्यक्रम का शुभारंभ

मुखिया अनिल कुमार की अध्यक्षता में आयोजित सहयोग शिविर का उद्घाटन राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल, बेलहर विधायक मनोज यादव, कटोरिया विधायक पूरनलाल टुडू, जिलाधिकारी नवदीप शुक्ला और पुलिस अधीक्षक उपेंद्र नाथ वर्मा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया. उद्घाटन के बाद अतिथियों ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण भी किया.

पौधा भेंट कर किया गया स्वागत

कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी नवदीप शुक्ला ने मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल को पौधा भेंट कर स्वागत किया. वहीं पुलिस अधीक्षक उपेंद्र नाथ वर्मा ने बेलहर विधायक मनोज यादव का स्वागत पौधा देकर किया. कटोरिया विधायक पूरनलाल टुडू का स्वागत भी अधिकारियों द्वारा पौधा भेंट कर किया गया. पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अतिथियों का स्वागत पारंपरिक मालाओं के बजाय पौधों से किया गया.

विभिन्न विभागों के स्टॉल पर उमड़ी भीड़

सहयोग शिविर में राजस्व, भूमि सुधार, सामाजिक सुरक्षा, कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य विभागों के अलग-अलग स्टॉल लगाए गए थे. शिविर में पहुंचे अधिकांश लोगों ने जमीन से संबंधित समस्याओं के आवेदन दिए. अधिकारियों ने मौके पर कई मामलों की सुनवाई कर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए. शिविर में आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए विशेष व्यवस्था की गई थी.

कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

कार्यक्रम में एसडीपीओ डॉ. रवींद्र मोहन प्रसाद, बीडीओ अजेश कुमार, सीओ रविकांत कुमार, बीएओ राहुल कुमार, बीईओ सुरेश ठाकुर, सीडीपीओ रजनी कुमारी, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. आशीष कुमार, बीपीआरओ, पीओ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे. बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने भी शिविर में भाग लेकर अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं.