विक्रमशिला सेतु संकट और बढ़े ट्रांसपोर्ट खर्च का असर, दाल-तेल से लेकर सरसों तक महंगी

Mandi Bhav Today: मंडी में फिर बदले खाद्यान्न के भाव. दाल, सरसों और खाद्य तेल की कीमतों में तेजी दर्ज की गई है, जबकि गेहूं, मक्का, आलू और प्याज के दाम में उतार-चढ़ाव जारी है.

By AMIT KR SINHA | June 24, 2026 9:07 AM

बांका से मदन कुमार की रिपोर्ट

Mandi Bhav Today: स्थानीय व्यवसायिक मंडी में खाद्यान्न और कृषि उत्पादों की कीमतों में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है. मंडी कारोबारियों के अनुसार दलहन, तेलहन, सरसों और मसाला वर्ग की वस्तुओं में तेजी बनी हुई है. वहीं गेहूं, मक्का, आलू और प्याज जैसी प्रमुख जिंसों के भाव में लगातार बदलाव हो रहा है. इसका सीधा असर आम उपभोक्ताओं के साथ-साथ किसानों और व्यापारियों पर भी पड़ रहा है.

विक्रमशिला सेतु और ईंधन कीमतों का दिख रहा असर

व्यापारियों का कहना है कि भागलपुर के विक्रमशिला सेतु के क्षतिग्रस्त होने के कारण मालवाहक वाहनों को लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है. इसके साथ ही डीजल और अन्य ईंधनों की बढ़ती कीमतों ने परिवहन लागत को और बढ़ा दिया है. नतीजतन थोक मंडियों से लेकर खुदरा बाजार तक सामान पहुंचाने का खर्च बढ़ गया है, जिसका असर सीधे खाद्यान्न और दैनिक उपयोग की वस्तुओं की कीमतों पर दिखाई दे रहा है.

Mandi Bhav Today: किसानों और उपभोक्ताओं दोनों पर दबाव

बढ़ती ढुलाई लागत का असर खेती-किसानी से जुड़े कार्यों पर भी पड़ रहा है. कृषि उत्पादों के परिवहन में अधिक खर्च होने से किसानों की लागत बढ़ रही है. वहीं उपभोक्ताओं को भी कई जरूरी वस्तुएं पहले की तुलना में अधिक कीमत पर खरीदनी पड़ रही हैं. कारोबारियों का मानना है कि यदि परिवहन व्यवस्था सामान्य नहीं हुई और ईंधन कीमतों में राहत नहीं मिली, तो आने वाले दिनों में कुछ और वस्तुओं के दाम बढ़ सकते हैं.

आज का मंडी भाव

स्थानीय मंडी के अनुसार गेहूं 2600 से 2650 रुपये, मक्का 2100 से 2150 रुपये, मंसुरी चावल 3250 से 3400 रुपये और अरवा मोटा चावल 3100 से 3250 रुपये प्रति क्विंटल बिक रहा है. बासमती चावल का भाव 12500 से 13500 रुपये प्रति क्विंटल दर्ज किया गया.

दलहन में मसूर दाल 6000 से 6550 रुपये, मूंग दाल 9540 से 9600 रुपये और अरहर दाल 11500 से 15000 रुपये प्रति क्विंटल बिक रही है. गोटा चना 6200 से 6400 रुपये तथा गोटा मूंग 8500 से 9000 रुपये प्रति क्विंटल के बीच कारोबार कर रहा है.

तेलहन वर्ग में पीला सरसों 7300 से 7550 रुपये प्रति क्विंटल रहा. वहीं 15 लीटर सरसों तेल की कीमत 2070 से 2470 रुपये दर्ज की गई. सब्जी वर्ग में आलू 1200 से 1450 रुपये और प्याज 1800 से 1900 रुपये प्रति क्विंटल बिक रहा है.

ये भी पढ़े : बिजली बिल से लेकर ट्रांसफाॅर्मर तक की हर समस्या का होगा समाधान, जानिए क्या बोले कार्यपालक अभियंता