मशीन से पेड़ काटते समय मजदूर का कटा पैर, हालत गंभीर, रेफर

शंभुगंज थाना क्षेत्र के झखरा गांव में सोमवार को पेड़ काटने के दौरान मशीन से काम कर रहे एक मजदूर का पैर कट गया.

By SHUBHASH BAIDYA | February 3, 2026 8:32 PM

शंभुगंज. शंभुगंज थाना क्षेत्र के झखरा गांव में सोमवार को पेड़ काटने के दौरान मशीन से काम कर रहे एक मजदूर का पैर कट गया. हादसे में मजदूर की हालत नाजुक बनी हुई है और उसे बेहतर इलाज के लिए भागलपुर रेफर किया गया है. जख्मी की पहचान छतहार गांव निवासी शंभु यादव (पिता स्व दीना यादव) के रूप में हुई हैं. जानकारी के अनुसार, शंभु यादव झखड़ा गांव में मशीन से पेड़ काटने का काम कर रहा था. इसी दौरान अचानक मशीन हाथ से फिसल गया और सीधे उसके दाहिने पैर पर जा लगा. तेज धार वाली मशीन के संपर्क में आते ही उसका पैर बुरी तरह कट गया, जिससे मौके पर ही खून का फव्वारा छूट पड़ा और वह जमीन पर गिर पड़ा. घटना को देखकर आसपास मौजूद लोग घबरा गये और तत्काल उसकी मदद के लिए आगे आये. स्थानीय लोगों ने किसी तरह खून बहना रोका और आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शंभुगंज पहुंचाया. अस्पताल में मौजूद चिकित्सक डॉ शैलेंद्र कुमार ने प्राथमिक उपचार किया और स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए भागलपुर रेफर कर दिया. चिकित्सकों के अनुसार घायल का दाहिना पैर काफी गहराई तक कट चुका है और अत्याधिक रक्तस्राव के कारण उसकी हालत गंभीर बनी हुई है. हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.