पति ने छोड़ा साथ, ससुराल वालों ने भी बंद किये दरवाजे, शंभुगंज की विवाहिता पहुंची पुलिस के पास

Marriage Dispute in Banka: बांका जिले के शंभुगंज थाना क्षेत्र से पारिवारिक विवाद का एक मामला सामने आया है. एक विवाहिता ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना, भरण-पोषण नहीं देने तथा घर में रखने से इनकार करने का आरोप लगाते हुए थाना में शिकायत दर्ज कर न्याय की गुहार लगाई है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.

By AMIT KR SINHA | June 15, 2026 12:17 PM

शंभुगंज (बांका) से ठाकुर बिनोद का रिपोर्ट

Banka News : बांका जिले के शंभुगंज थाना क्षेत्र के चकरतनी गांव की रहने वाली एक विवाहिता ने अपने पति एवं ससुराल पक्ष के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस से न्याय की मांग की है. विवाहिता का कहना है कि शादी के बाद कुछ समय तक सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन बाद में उसके साथ व्यवहार बदल गया और उसे लगातार प्रताड़ित किया जाने लगा.

2023 में हुई थी शादी, एक पुत्री की भी है मां

प्राप्त जानकारी के अनुसार चकरतनी गांव निवासी वीरेंद्र सिंह के पुत्र नीतीश कुमार का विवाह वर्ष 2023 में मुंगेर जिले के तारापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत धनपुरा गांव निवासी मुनेश्वर सिंह की पुत्री अल्पना कुमारी के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुआ था. विवाह के बाद दंपति को एक पुत्री भी हुई.विवाहिता अल्पना कुमारी का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल पक्ष का व्यवहार उसके प्रति बदल गया और उसे नापसंद करते हुए मानसिक एवं पारिवारिक प्रताड़ना दी जाने लगी.

पति और ससुराल वालों पर गंभीर आरोप

अल्पना कुमारी ने बताया कि हाल के दिनों में उसके पति और परिजनों ने उसे अपने साथ रखने से साफ इनकार कर दिया. इतना ही नहीं, पति ने उसके और उसकी पुत्री के भरण-पोषण के लिए आर्थिक सहायता देना भी बंद कर दिया है.विवाहिता के अनुसार उसका पति नीतीश कुमार मजदूरी के लिए दूसरे राज्य में रहता है, जहां वह एक निजी कंपनी में सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्य करता है. इसके बावजूद वह परिवार के खर्च के लिए पैसे भेजने से मना कर रहा है.

अभद्र व्यवहार करने का आरोप

पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि उसका पति अपने कुछ दोस्तों के माध्यम से उसे फोन पर गाली-गलौज करवाता है, जिससे वह मानसिक रूप से काफी परेशान है. लगातार बढ़ती परेशानियों के बाद वह अपनी मां पूनम देवी के साथ शंभुगंज थाना पहुंची और पूरे मामले की लिखित शिकायत पुलिस को दी.

पति ने आरोपों को बताया बेबुनियाद

दूसरी ओर आरोपित पति नीतीश कुमार ने अपने ऊपर लगाए गए सभी आरोपों को निराधार और बेबुनियाद बताया है. उनका कहना है कि उन पर लगाए गए आरोपों में सच्चाई नहीं है.

पुलिस ने शुरू की जांच

इस संबंध में पुनि सह थानाध्यक्ष राज कुमार प्रसाद ने बताया कि विवाहिता द्वारा दी गई शिकायत प्राप्त हुई है. मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच-पड़ताल की जा रही है. जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.