सरकारी जमीन पर कब्जे से किसानों का रास्ता बंद, रामचुआ के ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, खोला मोर्चा
Farmers Road Blocked : बांका जिले के शंभुगंज प्रखंड में सरकारी भूमि पर कथित अतिक्रमण को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा है. रामचुआ गांव के किसानों का आरोप है कि नदी किनारे बांध और गैरमजरुआ सरकारी जमीन पर कब्जा कर रास्ता अवरुद्ध कर दिया गया है. इससे किसानों को अपने खेत, खलिहान और बहियार तक पहुंचने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.
By MANISH KUMAR |
June 12, 2026 4:14 PM
शंभुगंज (बांका) से ठाकुर बिनोद का रिपोर्ट
Banka News : शंभुगंज प्रखंड के रामचुआ गांव में सरकारी भूमि पर अतिक्रमण के विरोध में ग्रामीणों ने आवाज बुलंद कर दी है. ग्रामीणों का कहना है कि गांव के दक्षिण दिशा में जोरी नदी के पास स्थित अलवेला पुल, लौना जोर और चौर बहियार जाने वाले सार्वजनिक रास्ते पर कुछ लोगों ने कब्जा कर लिया है. मामले को लेकर ग्रामीणों ने अंचल कार्यालय से लेकर जिलाधिकारी और मुख्यमंत्री तक शिकायत भेजी है.
खेतों तक पहुंचने में हो रही भारी परेशानी
ग्रामीण अमरेंद्र कुमार, दीपक कुमार सिंह, अनिल कुमार सिंह, बबन कुमार सिंह, बिपत कुमार सिंह, शिवनंदन सिंह, कन्हैया सिंह, संजय कुमार सिंह, चिरंजीवी कुमार सिंह और मनोज कुमार सिंह सहित अन्य लोगों ने बताया कि उक्त रास्ता गांव के किसानों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है. इसी मार्ग से होकर किसान अपने खेतों तक पहुंचते हैं और फसल कटाई के बाद उपज को गांव तक लाते हैं. रास्ता बंद होने से खेती-किसानी का कार्य प्रभावित हो रहा है.
खरीफ मौसम में बढ़ी चिंता
ग्रामीणों ने बताया कि खरीफ मौसम शुरू हो चुका है और किसान धान की खेती के लिए बिचड़ा गिराने की तैयारी कर रहे हैं. ऐसे समय में रास्ता अवरुद्ध होने से खेतों तक कृषि सामग्री पहुंचाना मुश्किल हो गया है. किसानों का कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो खेती का काम प्रभावित हो सकता है, जिससे आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ सकता है.B
...