कुर्माहाट को अतिक्रमण मुक्त कराने ग्रामीणों ने सीओ से लगायी गुहार
Bhagalpur News : कभी इलाके की पहचान और लाखों के राजस्व का जरिया रहा कुर्माहाट अब अतिक्रमण की गिरफ्त में सिमटता जा रहा है. हालत यह है कि हाट का आयोजन अब सड़क पर होने लगा है, जिससे हर दिन हादसे का खतरा मंडरा रहा है. ग्रामीणों ने अब प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की है.
धोरैया (बांका) से प्रदीप कुमार की रिपोर्ट
बांका जिले के धोरैया प्रखंड स्थित प्रसिद्ध कुर्माहाट को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग तेज हो गई है. कुर्मा गांव के ग्रामीणों ने अंचलाधिकारी श्रीनिवास सिंह को आवेदन देकर हाट को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त कराने की गुहार लगाई है. ग्रामीणों का आरोप है कि हाट की जमीन पर कब्जे के कारण अब बाजार और धार्मिक कार्यक्रम स्टेट हाईवे पर आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी रहती है.अतिक्रमण की वजह से सड़क पर लग रहा हाट
ग्रामीण मोहम्मद हसनैन, जुनैद अंसारी, मिनहाज, कुंदन मंडल, जुल्फिकार आलम और रिजवान समेत अन्य लोगों ने आवेदन में बताया कि कुर्माहाट प्रखंड का प्रसिद्ध हाट है, जहां से सरकार को हर वर्ष लाखों रुपये राजस्व की प्राप्ति होती है.अतिक्रमण का शिकार हाट
ग्रामीणों के अनुसार, हाट पूरी तरह अतिक्रमण का शिकार हो चुका है. इसी कारण बाजार और मोहर्रम जैसे बड़े कार्यक्रम अब धोरैया-सन्हौला स्टेट हाईवे पर आयोजित किए जा रहे हैं. सड़क पर भीड़भाड़ और कार्यक्रम होने से हमेशा दुर्घटना की आशंका बनी रहती है.
