बांका-अमरपुर 33 केवी हाई-टेंशन लाइन की मरम्मत शुरू, बिजली व्यवस्था होगी और बेहतर

Electricity Maintenance: अमरपुर और आसपास के क्षेत्रों में बार-बार ट्रिपिंग व बिजली कटौती से राहत दिलाने के लिए बिजली विभाग ने बांका-अमरपुर 33 केवी हाई-टेंशन लाइन का युद्धस्तर पर मेंटेनेंस कार्य शुरू कर दिया है.

By Pintu Pranav | July 2, 2026 12:29 PM

अमरपुर (बांका) से प्रीतम कुमार की रिपोर्ट

Electricity Maintenance: अमरपुर और आसपास के क्षेत्रों में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए बिजली विभाग ने बांका-अमरपुर की मुख्य 33 केवी हाई-टेंशन सप्लाई लाइन की मरम्मत शुरू कर दी है. विभाग का दावा है कि इस कार्य के पूरा होने के बाद उपभोक्ताओं को बार-बार ट्रिपिंग और अनावश्यक बिजली कटौती की समस्या से काफी हद तक राहत मिलेगी.

आंधी और बारिश में भी नहीं हुई बिजली बाधित

विद्युत कार्यपालक अभियंता प्रकाश झा ने बताया कि मंगलवार से शुरू हुए मेंटेनेंस कार्य का सकारात्मक असर अब दिखाई देने लगा है. बुधवार को तेज आंधी और जोरदार बारिश के बावजूद अमरपुर क्षेत्र में बिजली आपूर्ति सामान्य बनी रही. पहले हल्की हवा या बारिश में भी घंटों बिजली बाधित हो जाती थी, लेकिन इस बार सप्लाई लगातार चालू रही. उन्होंने बताया कि वे स्वयं कार्यस्थल पर मौजूद रहकर कार्य की निगरानी कर रहे हैं.

एक सप्ताह तक रोजाना रहेगा शटडाउन

विभाग के अनुसार लाइन की पूरी मरम्मत में करीब एक सप्ताह का समय लगेगा. इस दौरान प्रतिदिन सुबह 7 बजे से 11 बजे तक शटडाउन लिया जाएगा. अधिकारियों का कहना है कि यह समय इसलिए निर्धारित किया गया है ताकि दोपहर और रात के समय लोगों को बिजली कटौती की परेशानी कम हो.

युद्धस्तर पर चल रहा मेंटेनेंस कार्य

Electricity Maintenance: मेंटेनेंस के दौरान ढीले और पुराने तारों को कसने, क्षतिग्रस्त इंसुलेटर बदलने तथा बिजली लाइन के संपर्क में आ रही पेड़ों की डालियों की छंटाई का कार्य किया जा रहा है. इससे लाइन में होने वाली तकनीकी खराबियों और ट्रिपिंग की घटनाओं में कमी आने की उम्मीद है.

उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील

बिजली विभाग ने उपभोक्ताओं से मेंटेनेंस कार्य के दौरान सहयोग करने की अपील की है. विभाग का कहना है कि एक सप्ताह तक होने वाले निर्धारित शटडाउन के बाद अमरपुर और आसपास के क्षेत्रों में अधिक विश्वसनीय और निर्बाध बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराई जाएगी.

ALSO READ: डिजिटल होगा बांका का भूमि रिकॉर्ड: पुराने खतियान सुरक्षित करने के लिए राजस्व विभाग ने जनता से मांगा सहयोग