बांका में पुत्री के घर विवाद सुलझाने आये थे वृद्ध पिता, ससुराल वालों ने पीटकर किया जख्मी

Elderly Father Assault Case : बेटी की प्रताड़ना की सूचना मिलने पर उसका हाल जानने और पारिवारिक विवाद सुलझाने पहुंचे एक वृद्ध पिता को ही कथित तौर पर मारपीट का शिकार होना पड़ा. अमरपुर के डुमरामा मोहल्ले में हुई इस घटना ने रिश्तों के बीच बढ़ते तनाव को उजागर कर दिया है.

By AMIT KR SINHA | June 9, 2026 10:54 AM

अमरपुर (बांका) से प्रीतम कुमार की रिपोर्ट

Banka News : बांका जिले के अमरपुर शहर स्थित डुमरामा वार्ड नंबर-2 में एक वृद्ध व्यक्ति के साथ मारपीट का मामला सामने आया है. आरोप है कि अपनी पुत्री को प्रताड़ित किए जाने की सूचना पर ससुराल पहुंचे पिता को पुत्री के ससुराल वालों ने पीटकर घायल कर दिया. घायल वृद्ध का उपचार रेफरल अस्पताल अमरपुर में कराया गया. मामले को लेकर पीड़ित ने थाने में आवेदन देने की बात कही है.

बेटी की शिकायत पर पहुंचे थे ससुराल

जानकारी के अनुसार भागलपुर जिले के नाथनगर थाना क्षेत्र के चंपानगर निवासी कामदेव झा ने अपनी पुत्री का विवाह अमरपुर के डुमरामा वार्ड नंबर-2 में हिंदू रीति-रिवाज से किया था. उनका आरोप है कि पिछले कुछ महीनों से उनकी पुत्री को ससुराल पक्ष द्वारा प्रताड़ित किया जा रहा था.

मारपीट की सूचना पर पहुंचे अमरपुर

पीड़ित वृद्ध ने बताया कि सोमवार को उन्हें सूचना मिली कि उनकी पुत्री के साथ फिर मारपीट की गई है. सूचना मिलने के बाद वह सोमवार शाम अपनी पुत्री के ससुराल पहुंचे. वहां बेटी उनसे पारिवारिक विवाद की जानकारी दे रही थी.

विरोध करने पर हमला करने का आरोप

कामदेव झा के अनुसार इसी दौरान उनकी पुत्री के देवर विकास कुमार भट्टाचार्य, निशा भट्टाचार्य, खुशी भट्टाचार्य तथा अन्य परिजन वहां पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे. जब उन्होंने इसका विरोध किया तो सभी ने मिलकर उनके साथ मारपीट की, जिससे वह घायल हो गए.

रेफरल अस्पताल में हुआ उपचार

घटना के बाद घायल वृद्ध को उपचार के लिए रेफरल अस्पताल अमरपुर लाया गया. यहां डॉ. ज्योति भारती ने उनका प्राथमिक उपचार किया. चिकित्सकों ने आवश्यक जांच के बाद उन्हें चिकित्सकीय परामर्श दिया.

थाने में शिकायत की तैयारी

पीड़ित वृद्ध ने बताया कि वह घटना को लेकर संबंधित लोगों के खिलाफ अमरपुर थाना में लिखित आवेदन देंगे. पुलिस में शिकायत दर्ज होने के बाद मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

परिवारिक विवाद ने लिया हिंसक रूप

स्थानीय लोगों का कहना है कि पारिवारिक विवादों का इस तरह हिंसक रूप लेना चिंता का विषय है. अब मामले में पुलिस कार्रवाई और जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.