तलाक के तीन साल बाद फिर भड़का विवाद, पूर्व पति समेत कई लोगों पर महिला से मारपीट का आरोप

Banka News : तीन साल पहले तलाक हो चुका था, लेकिन पुराना विवाद फिर हिंसक झगड़े में बदल गया. बौंसी में एक महिला ने अपने पूर्व पति समेत कई लोगों पर मारपीट और अभद्र व्यवहार का गंभीर आरोप लगाया है.

By AMIT KR SINHA | May 29, 2026 11:28 AM

बौसी,बांका से संजीव पाठक की रिपोर्ट

Banka News : बांका जिले के बौंसी थाना क्षेत्र स्थित बेना मोहनपुर गांव में पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. एक तलाकशुदा महिला ने अपने पूर्व पति और अन्य लोगों पर मारपीट कर गंभीर रूप से घायल करने का आरोप लगाया है. पीड़िता ने बौंसी थाना में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है. पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है.

तीन साल पहले हुआ था तलाक

जानकारी के अनुसार, बेना मोहनपुर गांव निवासी 61 वर्षीय सायरा खातून ने थाना में दिए आवेदन में बताया कि करीब तीन वर्ष पहले उनका अपने पति जब्बार अंसारी से तलाक हो चुका है.पीड़िता का कहना है कि तलाक के बाद भी पुराने विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच तनाव बना रहता था.

पूर्व पति समेत कई लोगों पर मारपीट का आरोप

सायरा खातून ने आरोप लगाया कि हाल ही में उनके पूर्व पति जब्बार अंसारी, अशफात अंसारी, हलीमा खातून, जो ड़हुआ गांव के निवासी बताए जा रहे हैं, तथा बेना मोहनपुर निवासी सौराफ अंसारी समेत अन्य लोगों ने उनके साथ मारपीट की.महिला का आरोप है कि इस दौरान उनके साथ अभद्र व्यवहार भी किया गया और आपत्तिजनक बातें कही गयीं.

बीच-बचाव करने पहुंचे बेटे को भी पीटा

पीड़िता ने आवेदन में बताया कि जब उनका पुत्र मोजीब अंसारी बीच-बचाव करने पहुंचा तो आरोपितों ने उसके साथ भी मारपीट की.घटना में मां और बेटे दोनों घायल हो गये. परिजनों के अनुसार, दोनों को चोटें आयी हैं और घटना के बाद परिवार में दहशत का माहौल है.

पुलिस कर रही मामले की जांच

घटना करीब चार दिन पहले की बतायी जा रही है. शिकायत मिलने के बाद बौंसी थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.हालांकि समाचार लिखे जाने तक इस मामले में प्राथमिकी दर्ज नहीं की गयी थी. पुलिस का कहना है कि सभी बिंदुओं की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.