बौंसी में मिड-डे मील के बाद के बाद स्कूल से निकला छात्र, कुएं में गिरने से मौत, फूटा ग्रामीणों का गुस्सा

Banka News : बांका के एक स्कूल में पढ़ने वाले 14 वर्षीय छात्र की दर्दनाक मौत के बाद गांव में आक्रोश फैल गया. मिड-डे मील खाने के बाद स्कूल से बाहर निकला छात्र खेलते समय कच्चे कुएं में गिर गया.

By AMIT KR SINHA | May 21, 2026 3:24 PM

बौसी,बांका से संजीव पाठक की रिपोर्ट : बांका जिले के बांधुआ कुरावा थाना क्षेत्र स्थित बभनी बगीचा उत्क्रमित मध्य विद्यालय में गुरुवार को बड़ा हादसा हो गया. विद्यालय के सातवीं कक्षा के छात्र राहुल कुमार की कच्चे मिट्टी के कुएं में डूबने से मौत हो गई. घटना के बाद गांव में मातम पसरा है, जबकि गुस्साये ग्रामीणों ने विद्यालय परिसर में जमकर हंगामा किया.

मिड-डे मील के बाद दोस्तों के साथ निकला था राहुल

मृतक राहुल कुमार गांव निवासी सुनील मंडल का 14 वर्षीय पुत्र था. जानकारी के अनुसार गुरुवार दोपहर विद्यालय में मध्याह्न भोजन करने के बाद राहुल अपने कुछ साथियों के साथ स्कूल परिसर से बाहर निकल गया था.

खेलने के दौरान कुएं में गिरा छात्र

बताया जा रहा है कि गांव के समीप स्थित पुराने कच्चे कुएं के पास खेलते समय राहुल अचानक कुएं में गिर गया. आसपास के लोगों ने जब तक उसे बाहर निकाला, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी.

घटना के बाद स्कूल में हंगामा

बच्चे की मौत की खबर फैलते ही गांव में चीख-पुकार मच गई. आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को विद्यालय परिसर में रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया. ग्रामीणों और परिजनों ने विद्यालय प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया.

प्रधानाध्यापक और शिक्षकों को स्कूल में रोका

स्थिति तनावपूर्ण होने पर बांधुआ कुरावा थाना पुलिस मौके पर पहुंची. ग्रामीणों ने विद्यालय के प्रधानाध्यापक राजेश कुमार मंडल समेत कुछ शिक्षकों को स्कूल परिसर में ही रोक लिया. लोगों की मांग थी कि वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचे और कार्रवाई का आश्वासन दें.

चहारदीवारी नहीं होने से बढ़ी समस्या

ग्रामीणों और शिक्षकों ने बताया कि विद्यालय में अब तक चारदीवारी नहीं बनी है. इसी कारण बच्चे अवकाश या मध्याह्न भोजन के दौरान आसानी से स्कूल से बाहर निकल जाते हैं. लोगों का कहना है कि यदि स्कूल में चारदीवारी होती तो यह हादसा टल सकता था.

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

राहुल की मौत के बाद परिवार गहरे सदमे में है. पिता सुनील मंडल और मां सुनैना देवी का रो-रोकर बुरा हाल है. मृतक तीन भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर था.

प्रशासन से कार्रवाई और सहायता की मांग

परिजनों ने प्रशासन से आर्थिक सहायता देने और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है. समाचार लिखे जाने तक शव पोस्टमार्टम के लिए नहीं भेजा जा सका था.