श्रमदान से गोलहट्टी-कोलझरा नहर सड़क निर्माण बना जनआंदोलन

प्रखंड क्षेत्र में सिकंदरपुर नदी पुल के समीप गोलहट्टी-कोलझरा नहर पर सड़क एवं नाला निर्माण का कार्य अब एक जनआंदोलन का रूप ले चुका है.

By SHUBHASH BAIDYA | February 17, 2026 8:05 PM

बौंसी. प्रखंड क्षेत्र में सिकंदरपुर नदी पुल के समीप गोलहट्टी-कोलझरा नहर पर सड़क एवं नाला निर्माण का कार्य अब एक जनआंदोलन का रूप ले चुका है. सिकंदरपुर, कोलझरा, सुजानीटीकर समेत आसपास के आधा दर्जन गांवों के ग्रामीणों ने श्रमदान के जरिए डकाई वियर से कोलझरा नहर सर्विस रोड तक सड़क निर्माण का बीड़ा उठाया है. हाथों में तिरंगा और दिल में विकास का संकल्प लिए ग्रामीण पूरे उत्साह के साथ निर्माण कार्य में जुटे हैं. वर्षों से आवागमन की समस्या झेल रहे लोगों ने अब प्रशासनिक इंतजार छोड़ स्वयं पहल कर मिसाल कायम की है. गांव-गांव से लोग फावड़ा, कुदाल और टोकरी लेकर सुबह से ही निर्माण स्थल पर पहुंच रहे हैं. इस श्रमदान अभियान में कल्याण कुमार सिंह, सागर यादव, नंदकिशोर साह, शालिग्राम यादव, विनय यादव सहित कई ग्रामीण सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं. ग्रामीणों का कहना है कि यह सड़क बनने से न केवल प्रखंड के कई गांवों को राहत मिलेगी, बल्कि झारखंड सीमा से सटे क्षेत्रों के लोगों को भी सीधा फायदा होगा. सड़क निर्माण पूरा होने के बाद भागलपुर-हावड़ा रेल लाइन के पांडेटोला रेलवे हॉल्ट तक पहुंचना आसान होगा. साथ ही श्यामबाजार मार्ग से भागलपुर, दुमका और देवघर राष्ट्रीय पथ तक आवागमन सुगम हो सकेगा. ग्रामीणों का मानना है कि यह पहल केवल सड़क निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह एकता, आत्मनिर्भरता और सामूहिक संकल्प की मिसाल है. श्रमदान से बन रही यह सड़क क्षेत्र की वर्षों पुरानी समस्या का समाधान कर विकास की नयी कहानी लिखने जा रही है.