रामनवमी पर मूर्ति विसर्जन के दौरान झड़प, कई प्रतिमाएं क्षतिग्रस्त

रामनवमी के अवसर पर रजौन प्रखंड के चकज्वाय गांव में प्रतिमाओं के विसर्जन के दौरान एक ही जाति के दो पक्षों के बीच जमकर झड़प हो गई.

By MD. TAZIM | March 29, 2026 11:40 PM

बांका/रजौन. रामनवमी के अवसर पर रजौन प्रखंड के चकज्वाय गांव में स्थापित राम दरबार, शिव-पार्वती दरबार सहित अन्य प्रतिमाओं के विसर्जन के दौरान एक ही जाति के दो पक्षों के बीच जमकर झड़प हो गई. इस दौरान दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे चले, जिससे भगवान की कई प्रतिमाएं क्षतिग्रस्त हो गईं और माहौल तनावपूर्ण हो गया. घटना में कुछ लोगों के जख्मी होने की भी सूचना है. घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने भागलपुर-हंसडीहा मार्ग को जाम कर दिया. सूचना मिलते ही रजौन थाना अध्यक्ष राज रतन के निर्देश पर एएसआई मनोज कुमार मेहता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने समझा-बुझाकर सड़क जाम हटवाया, लेकिन एक पक्ष आरोपियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर मूर्ति विसर्जन रोकने पर अड़ा रहा.हालांकि, करीब एक घंटे बाद पुलिस की पहल पर प्रतिमाओं का विसर्जन कराया गया. इसके बाद पुलिस ने राहत की सांस ली और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.